इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे के लिए उपलब्ध नहीं होंगे बुमराह, उन्हें आराम करने को कहा गया: अगरकर
नमिता आनन्द
- 18 Jan 2025, 07:18 PM
- Updated: 07:18 PM
मुंबई, 18 जनवरी (भाषा) मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शनिवार को कहा कि जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे के लिए फिट नहीं हो पाएंगे जिसके कारण हर्षित राणा को उनकी जगह शामिल करने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि वे मुख्य तेज गेंदबाज की स्थिति पर मेडिकल टीम से अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।
बुमराह को हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की श्रृंखला के बाद होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के साथ एक प्रेस कांफ्रेंस में अगरकर ने कहा, ‘‘बुमराह को पांच सप्ताह के लिए आराम करने को कहा गया है जिससे वह इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे के लिए उपलब्ध नहीं हो पायेंगे। हम उनकी फिटनेस का इंतजार कर रहे हैं और हमें मेडिकल टीम से उनकी स्थिति के बारे में फरवरी की शुरुआत में पता चलेगा। ’’
बुमराह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंत में चोटिल हो गए थे और पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण सिडनी में अंतिम टेस्ट की दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर पाये थे जिसके बाद उनका स्कैन किया गया था।
अगरकर ने कहा, ‘‘उनकी फिटनेस के बारे में हमें शायद अगले हफ्ते या उससे ज्यादा समय में उनकी फिटनेस के बारे में और जानकारी मिलेगी। बेहतर होता अगर बीसीसीआई इसके बारे में अपडेट करे। मैं जो बताऊं, हो सकता है वह सही नहीं हो। मैं गलत नहीं हूं क्योंकि मुझे पता है कि उन्हें पांच हफ्ते के लिए गेंदबाजी से दूर रहने के लिए कहा गया था जो फरवरी के पहले हफ्ते की शुरुआत है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें शायद उस समय तक थोड़ा और पता चलेगा। मुझे यकीन है कि बीसीसीआई फिजियो से कुछ कह सकता है। ’
ब्रिसबेन टेस्ट में भारत की हार के बाद कप्तान रोहित ने पिछले महीने मोहम्मद शमी की फिटनेस स्थिति पर बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) से जवाब मांगा था। शनिवार को अगरकर ने भी यही बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘बेहतर होगा कि मेडिकल विभाग से जवाब आए। लेकिन हमें यही समय सीमा बताई गई है। उम्मीद है कि इसके बाद वह ठीक हो जाएंगे। हमें पूरी उम्मीद है। ’’
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अंतिम टीम 11 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को सौंपनी होगी।
चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से शुरू होगी। इसस पहले भारत छह, नौ और 12 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ तीन द्विपक्षीय वनडे मैच खेलेगा। पिछले साल अगस्त में श्रीलंका दौरे के बाद से भारतीय टीम की यह 50 ओवर की पहली श्रृंखला होगी।
भाषा नमिता आनन्द