उत्तर प्रदेश: भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी स्थापना दिवस पर वैभवशाली राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया
आनन्द खारी
- 06 Apr 2024, 10:08 PM
- Updated: 10:08 PM
लखनऊ, छह अप्रैल (भाषा) लोकसभा चुनाव के बीच उत्तर प्रदेश में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस को प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर मनाते हुए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अन्त्योदय पथ, अन्त्योदय प्रण, अन्त्योदय लक्ष्य के साथ वैभवशाली राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।
भाजपा की स्थापना छह अप्रैल 1980 को दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी समेत कई प्रमुख नेताओं ने की थी जो जनसंघ का एक नया रूप है।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सहारनपुर जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी का ध्वज फहराकर सभी को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए पार्टी की नींव तैयार करने वाले महान विभूतियों को नमन किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ओर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर पुष्पार्चन करके पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘‘अबकी बार 400 पार के लक्ष्य’’ को पूरा करने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थापना दिवस मनाते हुए कार्यालयों तथा अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वज फहराया। मिठाई बांटकर बधाई दी और अन्त्योदय पथ पर चलने का संकल्प लिया।
भाजपा मुख्यालय से शनिवार को जारी एक बयान के अनुसार पार्टी कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का पत्रक लेकर घर-घर संपर्क किया और प्रत्येक बूथ पर स्थापना दिवस का कार्यक्रम आयोजित कर बूथ समिति, पन्ना प्रमुख तथा स्थानीय नागरिकों के बीच पार्टी के गौरवशाली इतिहास तथा ऐतिहासिक उपलब्धियों पर चर्चा की।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा, ‘‘ भारतीय संस्कृति, भारतीय संस्कारों और भारतीयता के अनुरूप भारत के निर्माण का संकल्प लेकर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अन्त्योदय दर्शन प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने कर्म पथ पर प्रेरित करने का काम करता है।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सारी प्रतिबद्धताएं पूर्ण हुई है और गांव, गरीब की खुशहाली से अन्त्योदय का संकल्प भी पूर्ण हो रहा है।
प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश सरकार के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सहप्रभारी हिमांशु दुबे समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाषा आनन्द