यूएसएआईडी कर्मचारियों को कार्यालय न आने का निर्देश दिया गया
एपी आशीष नेत्रपाल
- 03 Feb 2025, 07:39 PM
- Updated: 07:39 PM
वाशिंगटन, तीन फरवरी (एपी) अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (यूएसएआईडी) के कर्मचारियों को सोमवार को एजेंसी के वाशिंगटन स्थित मुख्यालय न आने का निर्देश दिया गया है। यह जानकारी उन्हें भेजे गए एक नोटिस से मिली।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार और टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने कहा था कि राष्ट्रपति ने एजेंसी को बंद करने पर सहमति जताई है।
यूएसएआईडी के कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें 600 कर्मचारियों का पता चला है, जिन्होंने बताया कि एजेंसी के कंप्यूटर सिस्टम से उन्हें बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिनके नाम अभी भी सिस्टम में हैं, उन्हें ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें कहा गया कि ‘‘एजेंसी नेतृत्व के निर्देश पर’’ मुख्यालय भवन ‘‘सोमवार, तीन फरवरी को एजेंसी कर्मियों के लिए बंद रहेगा।’’
इससे पहले, मस्क ने कहा था कि उन्होंने राष्ट्रपति के साथ यूएसएआईडी के बारे में विस्तार से बात की है। मस्क ने कहा, ‘‘उन्होंने (ट्रंप) सहमति जताई कि हमें इसे बंद कर देना चाहिए।’’
मस्क, ट्रंप और कुछ रिपब्लिकन सांसद अमेरिकी सहायता और विकास एजेंसी पर लगातार निशाना साधते रहे हैं। यूएसएआईडी लगभग 120 देशों में मानवीय, विकास और सुरक्षा कार्यक्रमों का संचालन करती है।
इससे पूर्व, ट्रंप प्रशासन ने यूएसएआईडी के दो शीर्ष सुरक्षा प्रमुखों को छुट्टी पर भेज दिया था। छुट्टी पर भेजे गए अधिकारियों ने प्रतिबंधित क्षेत्रों के बारे में गोपनीय सामग्री को मस्क की सरकारी निरीक्षण टीम को सौंपने से इनकार कर दिया था।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि मस्क के सरकारी कार्यदक्षता विभाग, जिसे ‘डॉग’ के नाम से जाना जाता है, के सदस्यों को अंततः शनिवार को सहायता एजेंसी की वर्गीकृत जानकारी तक पहुंच प्राप्त हो गई, जिसमें खुफिया रिपोर्ट भी शामिल हैं।
डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने प्रशासन के इस कदम का विरोध किया है। उनका कहना है कि ट्रंप के पास कांग्रेस की मंजूरी के बिना यूएसएआईडी को बंद करने का संवैधानिक अधिकार नहीं है।
यूएसएआईडी संघीय सरकार और उसके कई कार्यक्रमों को लेकर ट्रंप प्रशासन द्वारा सबसे अधिक निशाना बनाई गईं संघीय एजेंसियों में से एक रही है।
अमेरिका दुनिया में मानवीय सहायता देने वाला सबसे बड़ा देश है तथा यूएसएआईडी 100 से अधिक देशों में अरबों डॉलर की मानवीय, विकास और सुरक्षा सहायता प्रदान करती है।
एपी आशीष