जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में बस पलटने से दो विद्यार्थियों की मौत, 21 घायल
जोहेब देवेंद्र
- 12 Apr 2025, 03:45 PM
- Updated: 03:45 PM
श्रीनगर, 12 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में शनिवार को कॉलेज की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो विद्यार्थियों की मौत हो गई और 21 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिकनिक मनाने के लिए 27 छात्रों को ले जा रही सरकारी डिग्री कॉलेज सोगाम की बस हंदवाड़ा के वोदपोरा इलाके के निकट पलट गई।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को हंदवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां एक छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि घायलों में से दो को गंभीर हालत में यहां के एक अस्पताल लाया गया, जिनमें से एक की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हंदवाड़ा के अस्पताल में 20 छात्रों का इलाज किया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हादसे में हुईं मौतों पर दुख जताया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर लिखा, "हंदवाड़ा के निकट हुए हादसे में जीडीसी सोगाम के दो छात्रों की मौत एक ऐसी घटना है जिसका हम सभी पर गहरा असर पड़ा है। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और सभी आवश्यक सहायता सुनिश्चित कर रही है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
उपराज्यपाल ने मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
सिन्हा ने ‘एक्स’ पर कहा, "हंदवाड़ा कॉलेज बस दुर्घटना में दो विद्यार्थियों की मौत की खबर बेहद दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
कश्मीर के प्रमुख मौलवी मीरवाइज-ए-कश्मीर उमर फारूक ने भी दुर्घटना पर गहरा दुख और पीड़ा व्यक्त की।
उन्होंने घटना को हृदय विदारक बताते हुए कहा कि ऐसे युवा, होनहार लोगों की जान जाना एक बड़ी घटना है जिसने पूरे समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और इस अपूरणीय क्षति को सहन करने के लिए उन्हें शक्ति और धैर्य प्रदान करने की कामना की।
भाषा जोहेब