कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ लोकसभा क्षेत्र में अपराह्न एक बजे तक 48.10 प्रतिशत मतदान
, इन्दु जोहेब
- 26 Apr 2024, 03:46 PM
- Updated: 03:46 PM
(फोटो के साथ)
मंगलुरु, 26 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक की 14 लोकसभा सीट पर हो रहे मतदान के दौरान दक्षिण कन्नड़ संसदीय क्षेत्र में दोपहर एक बजे तक 48.10 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में कर्नाटक की उडुपी चिकमंगलूर, हासन, दक्षिण कन्नड़, चित्रदुर्ग, तुमकुर, मांड्या, मैसूर, चामराजनगर, बेंगलुरु ग्रामीण, बेंगलुरु उत्तर, बेंगलुरू मध्य, बेंगलुरु दक्षिण, चिकबल्लापुर, कोलार शामिल हैं।
दक्षिण कन्नड़ के जिला निर्वाचन अधिकारी तथा उपायुक्त मुल्लई मुहिलान ने यहां 'पीटीआई भाषा' को बताया कि अपराह्न एक बजे तक इस सीट पर 48.10 प्रतिशत मतदान हो चुका है, जो इस चरण में शामिल राज्य की अन्य लोकसभा सीट की तुलना में सबसे अधिक है।
मुहिलान ने बताया कि पूरे दक्षिण कन्नड़ लोकसभा क्षेत्र में कहीं से किसी गड़बड़ी या हिंसा की खबर नहीं मिली है और लोग सुबह से ही बड़ी संख्या में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सभी जगह मतदान सुचारू रूप से जारी है।
इस बीच, कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार मीणा ने 'पीटीआई भाषा' को बताया कि राज्य में 28 में से जिन 14 लोकसभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है, उनमें अपराह्न एक बजे तक कुल 38.23 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण कन्नड़ सीट पर सबसे अधिक मतदान हुआ है जबकि बंगलुरु मध्य सीट पर सबसे कम 30.10 प्रतिशत मतदान हुआ है।
दक्षिण कन्नड़ लोकसभा सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में 77.99 प्रतिशत मतदान हुआ था।
दक्षिण कन्नड़ लोकसभा क्षेत्र में शुक्रवार को 1,876 मतदान केन्द्रों पर 18,18,127 लोग अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। मतदान शाम छह बजे समाप्त होगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दक्षिण कन्नड़ लोकसभा क्षेत्र में कुल 171 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है।
दक्षिण कन्नड़ लोकसभा क्षेत्र में शांतिपूर्वक चुनाव संपपन्न कराने के लिए केन्द्रीय सुरक्षा बलों की पांच कंपनियों के अलावा तीन हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
कर्नाटक में अधिकतर सीट पर सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा-जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।
राज्य में प्रथम चरण में कांग्रेस सभी 14 सीट पर चुनाव लड़ रही है जबकि भाजपा ने 11 और उसके गठबंधन सहयोगी जद (सेक्युलर) ने तीन सीट हासन, मांड्या व कोलार में अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
भाषा, इन्दु