गुरुग्राम की रियल्टी कंपनी ने घर खरीदारों के 205 करोड़ रुपये कोलंबो के होटल के लिए भेजे
नोमान अविनाश
- 25 Aug 2025, 04:23 PM
- Updated: 04:23 PM
गुरुग्राम/नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) गुरुग्राम स्थित एक रियल्टी समूह ने घर खरीदारों से आवासीय प्लॉट देने के नाम पर 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि एकत्र की, लेकिन उन्हें धोखा देकर इस रकम में से लगभग 205 करोड़ रुपये श्रीलंका में एक होटल परियोजना के लिए भेज दिए। प्रवर्तन निदेशालय ने अपने आरोपपत्र में यह आरोप लगाया है।
संघीय जांच एजेंसी देश भर में घर खरीदारों के साथ "धोखाधड़ी" के कई मामलों की धन शोधन रोधी कानून के तहत जांच कर रही है। इनमें से कई मामले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दर्ज किए गए हैं।
यह विशेष जांच ‘क्रिश रियलटेक’ नामक रियल्टी कंपनी, उसके प्रवर्तक अमित कात्याल और कुछ अन्य लोगों से संबंधित है।
कात्याल को ईडी ने 2023 में कथित भूमि के बदले रेलवे में नौकरी घोटाले से संबंधित एक अन्य मामले में धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्य आरेापी हैं।
ईडी के गुरुग्राम क्षेत्रीय कार्यालय ने जुलाई में समूह और उसके प्रवर्तकों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था और स्थानीय विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने 19 अगस्त को आरोपियों को नोटिस जारी किया था।
ईडी के अनुसार उसकी जांच में आरोपी अमित कात्याल की धोखाधड़ी का पता चला है, जिसमें उसने भोले-भाले खरीदारों को अपनी परियोजनाओं में प्लॉट बुक करने का लालच दिया था।
ईडी ने एक बयान में कहा, "उसके समूह की कंपनी ने कानून के तहत आवश्यक वैध लाइसेंस के बिना भी 400 से अधिक ग्राहकों से 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि एकत्र की।"
इसमें दावा किया गया है कि इस कथित धोखाधड़ी से अर्जित "अपराध की आय" को कात्याल के व्यक्तिगत और अन्य "फर्जी" (कागजी) कंपनियों के खातों में भेज दिया गया, जिनका स्वामित्व उसके और उसके परिवार के सदस्यों के पास है।
ईडी ने आरोप लगाया कि यह पाया गया कि घर खरीदने वालों से एकत्र की गई 205 करोड़ रुपये की राशि को महादेव इंफ्रास्ट्रक्चर नामक एक फर्जी कंपनी के माध्यम से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक रियल एस्टेट-सह-होटल परियोजना के लिए भेज दिया गया।
जांच में यह भी पाया गया कि कात्याल का बेटा श्रीलंका स्थित संपत्तियों पर "लाभकारी स्वामित्व" का दावा कर रहा है। उसने सेंट किट्स और नेविस की नागरिकता ले ली है
भाषा
नोमान