पत्रकार सिद्दीक कप्पन और 10 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज
जोहेब शोभना
- 14 Sep 2025, 11:33 AM
- Updated: 11:33 AM
कोच्चि, 14 सितंबर (भाषा) पत्रकार रेजाज एम शीबा सिद्दीक की गिरफ्तारी की निंदा के लिए यहां आयोजित एकजुटता कार्यक्रम के सिलसिले में पत्रकार सिद्दीक कप्पन और 10 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मानवाधिकार संगठनों ने शनिवार शाम केरल उच्च न्यायालय जंक्शन के पास वांची स्क्वायर पर कार्यक्रम आयोजित किया था।
पुलिस के अनुसार ‘सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया’ (एसडीपीआई) और‘वेलफेयर पार्टी’ के कार्यकर्ताओं ने भी इसमें हिस्सा लिया।
केरल के पत्रकार सिद्दीक को नागपुर में गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां निवारण अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की आलोचना की थी।
प्राथमिकी के अनुसार लगभग 30 लोग शाम चार बजे वांची स्क्वायर पर इकट्ठा हुए, यूएपीए कानून के खिलाफ नारे लगाए और बिना अनुमति के माइक्रोफोन व लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया, जिससे पैदल चलने वालों की आवाजाही बाधित हुई।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो ज्यादातर लोग तितर-बितर हो गए, जबकि उनमें से दो लोग पुलिस अधिकारियों से भिड़ गए जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने बताया कि उन्हें एर्नाकुलम सेंट्रल थाने ले जाया गया और फिर जमानत पर रिहा कर दिया गया।
प्राथमिकी में जिन लोगों के नाम आरोपी के तौर पर दर्ज किए गए हैं उनमें निहारिका प्रदौश, सिद्दीक कप्पन, प्रमोद पुझंगारा, अंबिका, सी पी रशीद, साजिद खालिद, बाबूराज भगवती, वी एम फैसल, मृदुला भवानी, डॉ. हरि और शनीर शामिल हैं।
मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 190 और 285 के साथ-साथ केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(ई) और 117(ई) के तहत दर्ज किया गया है।
कप्पन को इससे पहले 2020 में उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक दलित महिला की मौत की कवरेज के लिए जाते समय गिरफ्तार किया गया था। बाद में उनके खिलाफ यूएपीए की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और दो साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एर्नाकुलम जिला समिति ने इस कार्यक्रम के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कप्पन ने इसमें हिस्सा लेकर उच्चतम न्यायालय की ओर से निर्धारित ज़मानत शर्तों का उल्लंघन किया है।
भाषा जोहेब