सरकार ने करुणा के बजाय मुनाफे को चुना: भारत-पाक मैच पर गौरव गोगोई
सुभाष नरेश
- 14 Sep 2025, 08:53 PM
- Updated: 08:53 PM
गुवाहाटी, 14 सितंबर (भाषा) लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने रविवार को भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के आयोजन के लिए केंद्र की भाजपा सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि इससे पता चलता है कि सत्तारूढ़ दल ने ‘‘करुणा के बजाय मुनाफे को चुना।’’
उन्होंने इसे राष्ट्रीय भावना के साथ ‘‘विश्वासघात’’ तथा पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों की स्मृति का ‘‘घोर अपमान’’ बताया।
भारत और पाकिस्तान 15 महीने से अधिक समय बाद, रविवार को दुबई में एशिया कप के ग्रुप मैच में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं।
गोगोई पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने के फैसले की आलोचना करते रहे हैं और उन्होंने बीसीसीआई को भी इस संबंध में पत्र लिखा था।
गोगोई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच कराने का भाजपा सरकार का फैसला उसकी गलत प्राथमिकताओं को उजागर करता है।’’
उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले ही पहलगाम आतंकी हमले में निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी और उनके परिवार आज भी उसकी पीड़ा झेल रहे हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘फिर भी इस सरकार ने करुणा और संवेदनशीलता के बजाय मुनाफे और दिखावे को चुना है। क्रिकेट को हमारी धरती पर बहाए गए खून से अलग मानकर, उन्होंने दिखा दिया है कि पैसा हमारे लोगों की पीड़ा से अधिक मायने रखता है।’’
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘इस तरह की उदासीनता राष्ट्रीय भावना के साथ विश्वासघात और पीड़ितों की स्मृति का घोर अपमान है।’’
गोगोई ने पिछले महीने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था कि दोनों देशों के बीच मौजूदा द्विपक्षीय स्थिति के मद्देनजर भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में हिस्सा न ले।
‘एक्स’ पर पूर्व में एक पोस्ट में, गोगोई ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से आग्रह किया था कि वह बीसीसीआई सचिव, जो असम से हैं और राज्य के महाधिवक्ता भी हैं, के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों का उपयोग करके देश की सर्वोच्च क्रिकेट संस्था को पाकिस्तान के साथ मैच से हटने के लिए राजी करें।
गोगोई ने कहा, ‘‘जब सैनिक शहीद हुए हों, तो क्रिकेट खेलना अपमान है।’’
भाषा सुभाष