कांग्रेस सनातन विरोधी, राम विरोधी : नड्डा
रवि कांत रवि कांत माधव
- 06 May 2024, 05:33 PM
- Updated: 05:33 PM
हैदराबाद, छह मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि देश का सबसे पुराना राजनीतिक दल ''सनातन विरोधी'' और ''राम विरोधी'' है तथा वह राष्ट्र विरोधी ताकतों से हाथ मिलाता है।
नड्डा ने तेलंगाना के पेद्दापल्ली में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भाजपा पर आरक्षण खत्म करने का आरोप लगाना उस मुहावरे की तरह है कि सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले जिसमें 72 छेद।
उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस राम विरोधी पार्टी है। कांग्रेस सनातन विरोधी है। कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो देश विरोधी ताकतों से हाथ मिलाती है।’’
नड्डा ने कहा कि जब द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना एचआईवी, डेंगू और मलेरिया से की तो कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी चुप रहे।
भाजपा अध्यक्ष ने असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम), भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस को 'एबीसी' टीम करार देते हुए आरोप लगाया कि 'ये सभी तीनों के तीनों मुस्लिम लीग का एजेंडा चलाने वाली पार्टी यहां है'।
उन्होंने दावा किया कि ये तीनों दल तब्लीगी जमात के 'सिद्धांतों और नीतियों' का पालन करते हैं और मुख्यधारा के लोगों को परेशान करते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ये दल 17 सितंबर को 'मुक्ति दिवस' नहीं मना सकते (वह दिन जब निजाम शासन के तहत हैदराबाद रियासत का 1948 में भारतीय संघ में विलय हुआ था) लेकिन जब तेलंगाना में भाजपा सरकार बनाएगी, तो इस दिन को बड़े पैमाने पर उत्सव के रूप में मनाएगी।
भाजपा द्वारा फिर सत्ता में आने पर आरक्षण खत्म करने के राहुल गांधी के दावे पर नड्डा ने कहा, 'उल्टा चोर कोतवाल को डांटे'।
नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बार-बार दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण में से किसी अन्य समुदाय को आरक्षण दिया है।
उन्होंने कहा कि जब 2004 में अविभाजित आंध्र प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में थी, तो उसने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और ओबीसी से उनका आरक्षण छीनकर मुसलमानों को दे दिया।
नड्डा ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस ने ओबीसी के आरक्षण में कटौती की और इसे मुसलमानों को दे दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे खत्म कर दिया और ओबीसी को उनका अधिकार वापस दिया। हालांकि, मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने फिर से मुसलमानों को आरक्षण दे दिया।
भाषा
रवि कांत रवि कांत