हरिद्वार में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में एक गिरफ्तार
दीप्ति रवि कांत राजकुमार
- 07 Nov 2025, 07:54 PM
- Updated: 07:54 PM
देहरादून, सात नवंबर (भाषा) उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में एक व्यवसायी से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को एक छात्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि बहादराबाद के रहने वाले बीएससी छात्र आशीष सैनी के साथ इस अपराध में उसका एक साथी अजय हुड्डा भी शामिल है जिसने रंगदारी मांगने के लिए व्यवसायी को अर्मीनिया से धमकी भरी कॉल की थी ।
डोबाल ने बताया कि हरियाणा के रोहतक का रहने वाला हुड्डा अर्मीनिया में नौकरी करता है और उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके प्रत्यर्पण की दिशा में प्रयास किए जाएंगे ।
उन्होंने बताया कि वाहन एजेंसी चलाने वाले व्यवसायी रवि कुमार ने 30 अक्टूबर को पुलिस से शिकायत की थी कि बिश्नोई गिरोह के किसी व्यक्ति ने उन्हें फोन पर धमकी देते हुए 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है तथा इस शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4) के तहत अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू की ।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस तथा आपराधिक खुफिया इकाई (सीआईयू) की संयुक्त टीम की विवेचना में पता चला कि धमकीभरी कॉल अर्मीनिया से आयी थी । उन्होंने बताया कि जब जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि वह नंबर हुड्डा का है जो हरियाणा के रोहतक में अपने परिजनों के नंबरों के अलावा बहादराबाद के एक नंबर के भी लगातार संपर्क में है ।
डोबाल ने बताया कि इस पर पुलिस ने सैनी से पूछताछ की तो उसने बताया कि मोटी कमाई करने के चक्कर में उसने तथा अर्मीनिया में बैठे हुड्डा ने मिलकर बिश्नोई गिरोह के नाम पर व्यवसायी से 30 लाख रुपये की उगाही की योजना बनायी थी ।
उन्होंने बताया कि सैनी ने ही हुड्डा को रवि कुमार और उसके भाई के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए थे जिससे वह रंगदारी मांगने के लिए अर्मीनिया से उन्हें धमकी भरी कॉल की। सैनी ने कथित रूप से पुलिस को बताया कि उनलोगों ने सोचा था कि अर्मीनिया से कॉल किए जाने पर पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाएगी ।
डोबाल ने बताया कि पुलिस ने सैनी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि हुड्डा की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की जाएगी ।
भाषा दीप्ति रवि कांत