जमात-ए-इस्लामी हिंद ने बांग्लादेश में हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या करने की निंदा की
नोमान दिलीप
- 22 Dec 2025, 07:18 PM
- Updated: 07:18 PM
नयी दिल्ली, 22 दिसंबर (भाषा) प्रमुख मुस्लिम संगठन जमात-ए-इस्लामी हिंद ने बांग्लादेश में ईशनिंदा के आरोप में हिंदू युवक की पीट-पीट कर हत्या करने की घटना की सोमवार को निंदा करते हुए कहा कि यह कानूनी तौर पर अपराध है और किसी भी स्थिति में भीड़ की हिंसा को सही नहीं ठहराया जा सकता।
संगठन के एक बयान के मुताबिक, जमात के प्रमुख सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने बांग्लादेश में एक अल्पसंख्यक नागरिक की हाल में भीड़ द्वारा पीट-पीट कर हत्या करने की कड़ी निंदा की और इस घटना को दुखद और बेहद चिंताजनक बताया।
उन्होंने कहा, “इस तरह की घटनाएं जहां कहीं भी हो रही हैं, वे नैतिक रूप से गलत हैं, कानूनी तौर पर अपराध हैं, और समाज के लिए नुकसानदायक हैं। कोई भी आरोप, कोई भी भावना, और कोई भी स्थिति भीड़ की हिंसा या इंसान की जान लेने को सही नहीं ठहरा सकती।”
बांग्लादेश में 25 वर्षीय दीपू चंद्र दास की पिछले बृहस्पतिवार भीड़ ने ईशनिंदा के आरोप में पीटकर हत्या कर दी थी और उसके शव को मैमेनसिंह में आग लगा दी थी।
हुसैनी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा किसी भी सरकार की नैतिक विश्वसनीयता और संवैधानिक वैधता की एक बुनियादी कसौटी है।
उन्होंने बांग्लादेश के अधिकारियों से अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने, इबादतगाहों की रक्षा करने और यह संदेश देने का आग्रह किया कि हिंसा, भेदभाव और भीड़ द्वारा की जाने वाली मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हुसैनी ने इसके अलावा बांग्लादेश में तेज़ी से बिगड़ती राजनीतिक, सामाजिक और सुरक्षा की स्थिति पर भी गहरी चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हो रहे घटनाक्रम देश को अस्थिरता और हिंसा की ओर धकेल रहे हैं और कानून-व्यवस्था के कमजोर होने से असामाजिक तत्वों को स्थिति का लाभ उठाने का मौका मिला है, जिसकी वजह से नागरिकों, संपत्तियों और संस्थानों पर हमले हो रहे हैं।
हुसैनी ने कहा, "जमात-ए-इस्लामी हिंद, बांग्लादेश के लोगों के साथ खड़ी है और पूरी उम्मीद करती है कि शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण समाधान निकलेगा, जिससे लोकतांत्रिक शासन बहाल होगा, कानून का राज मज़बूत होगा, और सभी नागरिकों के लिए सुरक्षा, अधिकार और न्याय की ज़मानत मिलेगी।"
बांग्लादेश में पिछले साल जुलाई में हुए विद्रोह के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद बांग्लादेश में तनाव फैल गया, जिस वजह से देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन, हिंसा और तोड़फोड़ हुई।
भाषा नोमान
नोमान