केरल के उद्यमी साबू जैकब के नेतृत्व वाली ट्वेंटी20 पार्टी राजग में शामिल
माधव
- 22 Jan 2026, 05:51 PM
- Updated: 05:51 PM
कोच्चि (केरल), 22 जनवरी (भाषा) किटेक्स गारमेंट्स के प्रबंध निदेशक साबू एम जैकब के नेतृत्व वाली ट्वेंटी20 पार्टी बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हो गई।
पार्टी नेतृत्व ने केरल की राजनीतिक संस्कृति और शासन में बदलाव की आवश्यकता का हवाला दिया।
जैकब ने भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर के साथ बातचीत की और बाद में तिरुवनंतपुरम में एक संयुक्त प्रेस वार्ता में इस फैसले की घोषणा की।
चंद्रशेखर ने कहा कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित एक कार्यक्रम में ट्वेंटी20 को राजग में औपचारिक रूप से शामिल करने की घोषणा की जाएगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजग का लक्ष्य राज्य की राजनीतिक संस्कृति में बदलाव लाने का है, जो उनके अनुसार वर्षों से प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा, ''केवल राजग ही ऐसा बदलाव ला सकता है।''
चंद्रशेखर ने जैकब को उद्यमी और रोजगार सृजनकर्ता बताते हुए कहा कि उन्हें केरल छोड़कर तेलंगाना में उद्योग स्थापित करने के लिए मजबूर होना पड़ा, जहां उन्होंने लगभग 20,000 नौकरियां सृजित कीं।
उन्होंने कहा, ''हम चाहते हैं कि वे केरल लौटें और राज्य के आर्थिक विकास में योगदान दें। यह एक महत्वपूर्ण चुनाव है। लोग राजग का समर्थन करेंगे और हम मिलकर काम करेंगे।''
जैकब ने कहा कि उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) दोनों के शासनकाल में ''कुशासन और भ्रष्टाचार'' के कारण ट्वेंटी20 का गठन कर राजनीति में प्रवेश किया।
ट्वेंटी20 पार्टी का मुख्यालय एर्नाकुलम के किझाकंबलम में है और यह 2015 से जिले और आसपास के क्षेत्रों में चुनाव लड़ती रही है।
इस बीच, केरल के पूर्व विधायक ए वी थमरक्षण और उनके नेतृत्व वाला गुट भी बृहस्पतिवार को राजग में शामिल हो गया।
थमरक्षण को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में जनाधिपति संरक्षण समिति (जेएसएस) से निष्कासित कर दिया गया था। उन्होंने पूर्व में घोषणा की थी कि उनका गुट राजग के सहयोगी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) में विलय करेगा।
चंद्रशेखर ने राज्य में राजग के अन्य सहयोगी दलों के नेताओं की उपस्थिति में थमरक्षण का राजग में स्वागत किया।
भाषा सुभाष माधव
माधव
2201 1751 कोच्चि