पंजाब : गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई की हत्या के आरोपी की गोली मारकर हत्या
पवनेश
- 28 Jan 2026, 09:52 PM
- Updated: 09:52 PM
चंडीगढ़, 28 जनवरी (भाषा) पंजाब के मोहाली में बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के पास अज्ञात हमलावरों ने गुरलाल बराड़ हत्याकांड के एक आरोपी की गोली मारकर हत्या कर दी। गुरलाल गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का चचेरा भाई था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पटियाला रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) नानक सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गुरविंदर के रूप में हुई है, जो अफीम बरामदगी से जुड़े एक मामले में अदालत में पेशी के लिए आया था। हमलावरों ने उस पर कई गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसी बीच, सोशल मीडिया पर एक अपुष्ट पोस्ट में गैंगस्टर गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और विक्की पहलवान ने गुरविंदर की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए गुरलाल सिंह बराड़ की हत्या में उसकी कथित संलिप्तता का हवाला दिया।
विदेश में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल सिंह बराड़ की 2020 में चंडीगढ़ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
डीआईजी ने बताया, "वह चार किलो अफीम की बरामदगी से जुड़े मामले में सुनवाई के लिए अदालत आया था। इस मामले में वह जमानत पर था।"
उन्होंने कहा कि गुरविंदर का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
एक सवाल के जवाब में डीआईजी ने बताया कि गुरविंदर का नाम गुरलाल बराड़ हत्याकांड में भी आरोपी के रूप में दर्ज है और इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
गुरलाल बराड़, पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र संगठन के पूर्व अध्यक्ष और कनाडा में रह रहे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का चचेरा भाई था। उसकी अक्टूबर 2020 में चंडीगढ़ के एक मॉल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस गोलीबारी के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पहले तो उसे लगा कि कार का टायर फट गया है लेकिन फिर उसने एक टोपी पहने और गोरे रंग के व्यक्ति को बहुत करीब से कई गोलियां चलाते देखा।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर का दूसरा साथी कुछ दूरी पर बाइक पर उसका इंतजार कर रहा था।
डीआईजी नानक सिंह ने कहा, "हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमें कुछ अहम सुराग मिले हैं और यह भी जानकारी है कि इस वारदात को किसने अंजाम दिलवाया। हम जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे।"
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश
2801 2152 चंडीगढ़