भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने फर्जी फेसबुक अकाउंट को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
दिलीप
- 31 Jan 2026, 09:11 PM
- Updated: 09:11 PM
नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सदस्य मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर अपने नाम से बने एक 'फर्जी' अकाउंट के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
तिवारी का आरोप है कि इस 'फर्जी' अकाउंट के जरिये उनकी छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक और गलत सामग्री पोस्ट की जा रही है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद ने शनिवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने फेसबुक पर 'फर्जी' अकाउंट के खिलाफ पहले ही शिकायत दर्ज करा दी थी, लेकिन इसके बावजूद यह आश्चर्यजनक रूप से सक्रिय है।
तिवारी ने इस संबंध में नयी दिल्ली के मंदिर मार्ग साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, उक्त फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया था, जिसमें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से हाल में जारी नियमों की कड़ी आलोचना की गई थी। इस फेसबुक अकाउंट पर सांसद का एक फोटो भी लगा हुआ है। यूजीसी के समता विनियम पर हाल में उच्चतम न्यायालय ने रोक लगा दी थी।
तिवारी ने कहा, '' कुछ अज्ञात व्यक्ति साजिश के तहत मेरे नाम से फेसबुक पर फर्जी अकाउंट चला रहे हैं। मेरी असली फेसबुक आईडी पर 'ब्लू' टिक लगा हुआ है। मैंने 22 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, इसके बावजूद फर्जी आईडी अब भी सक्रिय है और इसे चलाने वाला व्यक्ति पकड़ा नहीं गया है।''
भाजपा सांसद ने पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा सांसद की शिकायत के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तिवारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 'मनोज तिवारी भाजपा' नामक फेसबुक पर 'फर्जी' आईडी का दुरुपयोग भ्रामक और गलत सामग्री पोस्ट करके उनके नाम और सार्वजनिक छवि को धूमिल करने के लिए किया जा रहा था, जो बेहद आपत्तिजनक और चिंताजनक है।
उच्च शिक्षण संस्थानों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों के साथ भेदभाव से संबंधित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों पर हाल ही में उच्चतम न्यायालय ने रोक लगा दी है।
एक वर्ग द्वारा इन नियमों के खिलाफ इस आशंका के चलते विरोध प्रदर्शन किया गया कि इनका सामान्य वर्ग के लोगों के खिलाफ दुरुपयोग किया जा सकता है।
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप
3101 2111 दिल्ली