केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने जम्मू-कश्मीर के भाजपा नेताओं से मुलाकात की
शफीक देवेंद्र
- 17 May 2024, 12:56 AM
- Updated: 12:56 AM
श्रीनगर, 16 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को दो दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचे और उन्होंने जम्मू-कश्मीर के भाजपा नेताओं समेत कई प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की।
आज शाम पहुंचे शाह के शुक्रवार सुबह सुरक्षा समीक्षा बैठक भी करने की संभावना है।
मोहम्मद यूनिस खान के नेतृत्व में एक पहाड़ी प्रतिनिधिमंडल ने शाह से मुलाकात की और समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
स्थानीय सिखों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी शाह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इसने विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में पंजाबी भाषा को शामिल करने और कश्मीरी पंडितों की तरह समुदाय के लिए विधानसभा में सीटें आरक्षित करने की मांग उठाई।
शाह से मुलाकात करने वाले भाजपा नेताओं में दरख्शां अंद्राबी, सुनील शर्मा, तरूण चुघ और आर.एस. पठानिया शामिल थे।
इस बीच, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री शाह का दो दिवसीय कश्मीर दौरा ‘‘अजीब’’ बात है क्योंकि वह देश के अन्य हिस्सों में चुनाव प्रचार छोड़कर ऐसी जगह आ रहे हैं जहां भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है।
अब्दुल्ला ने बांदीपोरा में पत्रकारों से बात करते हुए यह सवाल किया, ‘‘क्या यह आपको अजीब नहीं लगता कि गृह मंत्री चुनाव प्रचार छोड़कर दो दिन के लिए ऐसी जगह आ रहे हैं जहां वे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं?’’
नेकां नेता ने दावा किया कि केंद्र और भाजपा उनकी पार्टी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं लेकिन जम्मू-कश्मीर के लोग उनके साथ हैं।
इससे पहले दिन में, पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के महासचिव सुनील शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री कश्मीर आ रहे हैं लेकिन यह दौरा राजनीतिक नहीं है। लोकसभा चुनाव चल रहे हैं और 13 मई को हुआ मतदान केंद्र सरकार की नीतियों की एक बड़ी सफलता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि गृह मंत्री मतदान प्रतिशत बढ़ाने और शांति का माहौल बनाने के लिए सुरक्षा के दृष्टिकोण से उपायों की समीक्षा करने आ रहे हैं। ये राजनीतिक दौरा नहीं है लेकिन भाजपा कार्यकर्ता उनसे मिलेंगे और पार्टी के संगठनात्मक मामलों पर चर्चा करेंगे।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या जमात-ए-इस्लामी का प्रतिनिधिमंडल गृह मंत्री से मिलेगा, शर्मा ने कहा कि ऐसी कोई बैठक निर्धारित नहीं है।
शाह को शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दिए जाने की संभावना है क्योंकि लोकसभा चुनाव के बाद वार्षिक अमरनाथ यात्रा होगी, जो 29 जून को शुरू होकर 19 अगस्त को समाप्त होगी।
भाषा शफीक