राजस्थान सरकार का लक्ष्य 'जनकल्याण': मुख्यमंत्री शर्मा
जितेंद्र
- 05 Feb 2026, 06:46 PM
- Updated: 06:46 PM
जयपुर, पांच फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनकल्याण को राज्य सरकार का सर्वोच्च लक्ष्य बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'सबका साथ सबका विकास' सहित तीन कर्तव्यों को लेकर चल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र व बजट की सारी घोषणाओं को पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री, विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे।
मुख्यमंत्री के जवाब के बाद धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया और सदन की कार्यवाही 11 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई।
शर्मा ने कहा, "जनकल्याण हम सबका सर्वोच्च लक्ष्य है। हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा निर्धारित तीन कर्तव्यों को लेकर आगे चल रही है। ये कर्तव्य समाज, देश व प्रदेश की आवश्यकता हैं।"
उन्होंने कहा कि इन तीन कर्तव्यों में पहला उत्पादकता व प्रतिस्पर्धा को बढाना, दूसरा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और उनकी क्षमताओं का निर्माण तथा तीसरा कर्तव्य 'सबका साथ सबका विकास' है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "इनका अनुसरण कर प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम हमारी सरकार कर रही है।"
शर्मा ने खेजड़ी पेड़ के संरक्षण के लिए कानून बनाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि खेजड़ी के महत्व को देखते हुए राज्य सरकार ने इसे राज्य वृक्ष घोषित किया है और घोषित राज्य वृक्ष को बचाने के लिए सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं सदन के माध्यम से राजस्थान की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि राज्य के कल्पवृक्ष खेजड़ी को बचाने के लिए कानून लाएंगे ताकि प्रदेश में खेजड़ी संरक्षित रहे।"
शर्मा ने कहा कि उन्होंने खेजड़ी संरक्षण के लिए कानून बनाने के संबंध में निर्देश दे दिए थे और प्रक्रिया पूरी होते ही हम सदन में इसका मसौदा पेश करेंगे।
'खेजड़ी' वृक्ष को बचाने के लिए बीकानेर में बड़ा महापड़ाव कई दिन से जारी है।
सदन में भी कई बार यह मुद्दा उठ चुका है।
मुख्यमंत्री के संबोधन से ठीक पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इसे सदन में उठाया था।
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार अपने संकल्प पत्र व बजट की घोषणाओं को पूरा करेगी।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र
0502 1846 जयपुर