किसान संगठनों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की निंदा की, 12 फरवरी को प्रदर्शन का आह्वान किया
प्रशांत
- 07 Feb 2026, 11:16 PM
- Updated: 11:16 PM
नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम), इसके गैर-राजनीतिक गुट और ऑल इंडिया किसान सभा (एआईकेएस) समेत कई किसान संगठनों ने शनिवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की आलोचना की तथा कहा कि इसके खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में आरोप लगाया कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते का ढांचा भारतीय कृषि को अमेरिकी बहुराष्ट्रीय निगमों के सामने पूरी तरह से आत्मसमर्पण करने के समान है। एसकेएम ने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के तत्काल इस्तीफे की मांग की ।
एसकेएम नेताओं ने डिजिटल माध्यम से आयोजित एक प्रेसवार्ता में कहा कि देशभर के गांवों में विरोध प्रदर्शन होंगे और वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुतले जलाएंगे। एसकेएम ने 12 फरवरी की आम हड़ताल को भी अपना समर्थन दिया।
अखिल भारतीय किसान सभा के नेता कृष्ण प्रसाद ने कहा कि इस व्यापार समझौते का कृषि क्षेत्र पर गहरा प्रभाव पड़ेगा, क्योंकि इससे 'ड्राइड डिस्टिलियर्स ग्रेन', पशुओं के चारे के लिए लाल ज्वार और सोयाबीन तेल जैसी वस्तुओं के लिए बाजार खुलेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे डेरी क्षेत्र पर भी असर पड़ेगा।
क्रांतिकारी किसान यूनियन (पंजाब) के नेता दर्शन पाल ने कहा कि संगठन के सदस्य विरोध प्रदर्शन के तौर पर ट्रंप और मोदी के पुतले फूकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस समझौते से उन किसानों पर और भी बुरा असर पड़ेगा जो पहले से ही कम आय और कर्ज चुकाने में असमर्थता जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि गांवों में लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि इन समझौतों का उन पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने किसानों से इन समझौतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।
एसकेएम (गैर-राजनीतिक) ने एक बयान में यह भी कहा कि वह जल्द ही एक बैठक आयोजित करेगा और भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा करेगा।
केंद्रीय मजदूर संघों (सीटीयू) और क्षेत्रीय संघों एवं संगठनों के संयुक्त मंच ने श्रम संहिता और व्यापार समझौतों को लागू किए जाने के विरोध में 12 फरवरी को एक दिवसीय आम हड़ताल की घोषणा की है।
भाषा राजकुमार प्रशांत
प्रशांत
0702 2316 दिल्ली