केरल : शैलजा, मंजू वारियर के खिलाफ लैंगिक टिप्पणी करने के लिए आरएमपी नेता हरिहरन गिरफ्तार
जितेंद्र पवनेश
- 17 May 2024, 05:22 PM
- Updated: 05:22 PM
कोझीकोड (केरल), 17 मई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की वरिष्ठ नेता के. के. शैलजा और मलयालम फिल्मों की अभिनेत्री मंजू वारियर के खिलाफ कथित तौर पर लैंगिक टिप्पणी करने के लिए रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी (आरएमपी)के नेता के. एस. हरिहरन को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि वटकरा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और बाद में थाने से जमानत देकर उन्हें रिहा कर दिया।
कम गंभीर अपराधों में आरोपी को गिरफ्तारी के बाद थाने से जमानत मिल जाती है। इसमें गिरप्तारी के बाद आरोपी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाता है।
हरिहरन ने वटकरा में 11 मई को एक जनसभा के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
वामपंथी संगठन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक वुमेन्स एसोसिएशन (एआईडीडब्ल्यूए) द्वारा हाल ही में दर्ज कराई गयी शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गयी।
पुलिस ने 12 मई को हरिहरन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 509 (एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) और 153 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
हरिहरन ने थाने से जमानत पर रिहा होने के बाद संवाददाताओं को बताया कि केरल में बहुत से लोग अपने भाषणों में विवादित टिप्पणियां करते हैं लेकिन उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं होता।
हरिहरन ने यह भी कहा कि उनके भाषण के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें और उनकी पार्टी नेता केके रीमा को निशाना बनाया गया।
उन्होंने कहा, ''हमने फैसला किया है कि हम कानूनी और राजनीतिक रूप से इसका सामना करेंगे।''
हरिहरन ने यह भी कहा कि उन्होंने जो कहा वह गलत था और इसके लिए वह खेद जता चुके हैं।
आरएमपी नेता ने कहा कि घटना के बाद उनके घर पर बम फेंके गये लेकिन इस संबंध में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया।
उन्होंने दावा किया कि 12 मई को करीब सवा आठ बजे एक दोपहिया वाहन पर आए अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर कुछ विस्फोटक फेंके थे।
हरिहरन ने यहां वटकरा में 11 मई की रात को एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस जनसभा में विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन भी मौजूद थे।
इस टिप्पणी को लेकर सियासी बवंडर खड़ा होने के बाद उनकी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और यूडीएप ने खुले तौर पर इसकी आलोचना की थी और कहा था कि हरिहरन को किसी महिला के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए ।
इसके बाद हरिहरन ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताया था।
भाषा जितेंद्र