आशीष हत्याकांड के तीन आरोपी कोर्ट में पेश, न्यायिक हिरासत में भेजा
राजकुमार
- 09 Feb 2026, 07:06 PM
- Updated: 07:06 PM
जयपुर, नौ फरवरी (भाषा) राजस्थान के आशीष हत्याकांड के तीन आरोपियों को सोमवार को श्रीगंगानगर के घड़साना की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी संजू, रोहित और बादल को सोमवार दोपहर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया । अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया । उसके बाद उन्हें अनूपगढ़ उप—जेल ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार आशीष की हत्या उसकी पत्नी अंजू उर्फ अंजलि (23) ने शादी के मात्र तीन महीने बाद अपने प्रेमी संजू उर्फ संजय, मौसेरे भाई रोहित और दोस्त बादल के साथ मिलकर की थी।
पुलिस के मुताबिक आशीष के घर से लगभग 250 मीटर की दूरी पर इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कहा कि अंजू पहले से ही न्यायिक हिरासत में है, जबकि तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में थे।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रावल थाना क्षेत्र के 1 केएलएम गांव में 30 जनवरी को आशीष कुमार (27) अपनी पत्नी अंजू के साथ रात को खाना खाने के बाद टहलने निकला था लेकिन गांव के पास सुनसान सड़क पर आरोपियों ने उसपर (आशीष पर) लाठियों से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक जब आशीष नहीं मरा तो उसे मफलर से गला घोंटकर मार दिया गया।
पुलिस के अनुसार अंजू, संजू के साथ लगभग 6-7 वर्षों से कथित तौर पर रिश्ते में थी तथा आशीष के साथ उसकी शादी 30 अक्टूबर 2025 को हुई थी लेकिन वह इस शादी से खुश नहीं थी।
पुलिस के मुताबिक अंजू और संजू श्रीगंगानगर के एक ही कॉलेज में पढ़ाई करते समय दोनों एक—दूसरे से करीब आए थे।
पुलिस का कहना है कि शादी के बाद अंजू ने आशीष को मनाने की कोशिश की कि वह उसे श्रीगंगानगर में एमए की पढ़ाई करने दे, ताकि वह संजू से मिलती रहे, लेकिन आशीष ने मना कर दिया, जिससे वह नाराज हो गई। उसने यह बात फोन पर संजू को बताई।
पुलिस के मुताबिक हत्या से लगभग 16 दिन पहले अंजू अपने मायके सादुल शहर गई थी, जहां उसने और संजू ने कथित तौर पर आशीष को खत्म करने की साजिश रची।
पुलिस का कहना है कि आशीष ने अपनी मौत से मात्र तीन दिन पहले एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार
0902 1906 जयपुर