उत्तराखंड: दुकान के नाम को लेकर विवाद से दीपक का जिम व्यवसाय हुआ प्रभावित, घटे जिम आने वाले लोग
जितेंद्र
- 10 Feb 2026, 07:55 PM
- Updated: 07:55 PM
कोटद्वार, 10 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के कोटद्ववार में दुकान के नाम को लेकर विवाद के बाद 'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित दीपक कुमार की जिम में कसरत के लिए आने वाले लोगों की संख्या घटकर केवल 12 से 15 रह गयी है।
कोटद्वार के पटेल मार्ग पर एक समुदाय विशेष की कपड़ों की दुकान के 'बाबा' नाम को लेकर विरोध में प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का सामना करने के लिए आगे आए 42 वर्षीय दीपक कुमार ने मंगलवार को कहा कि विवाद की वजह से उनके व्यवसाय पर खासा असर पड़ा है और अब बहुत कम लोग उनकी जिम में आ रहे हैं।
दीपक ने यहां 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "पहले मेरी जिम में 150 से अधिक लोग कसरत के लिए आया करते थे लेकिन जब से यह विवाद शुरू हुआ तब से जिम आने वाले लोगों की संख्या मात्र 12 से 15 ही रह गयी है।"
उन्होंने कहा कि इस विवाद के कारण ज्यादातर लोग उसके जिम में आने से बच रहे हैं।
'बाबा' नाम को बदलने का दबाव बनाने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 26 जनवरी को दुकान के बाहर प्रदर्शन किया था और इस दौरान उनका दुकान मालिक वकील अहमद और उनके बेटे के दोस्त दीपक कुमार से झड़प व मारपीट भी हुई थी।
इस विवाद के बाद कुमार ने अपना नाम 'मोहम्मद दीपक' बताते हुए दल के कार्यकर्ताओं को वहां से जाने को मजबूर कर दिया था।
इसके बाद एक बार फिर 31 जनवरी को बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता 'बाबा' नाम वाली दुकान और दीपक के जिम 'हल्क' के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे तथा इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी।
पुलिस की मुस्तैदी से हालांकि संघर्ष टल गया था और मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी भी दर्ज की गयीं।
इस बीच, हिंदू रक्षा दल ने 12 फरवरी को कोटद्वार कूच करने की चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया पर हिंदू रक्षा दल के नाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति 12 फरवरी को कोटद्वार कूच करने और दीपक को "सबक सिखाने" की चेतावनी देता नजर आ रहा है।
पुलिस ने हालांकि इस संबंध में बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी।
कोटद्वार के अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस किसी को शहर की शांति व कानून-व्यवस्था नहीं बिगाड़ने देगी और ऐसा प्रयास करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटेगी।
भाषा सं दीप्ति रवि कांत जितेंद्र
जितेंद्र
1002 1955 कोटद्वार