भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक में भारत ने पांच पायदान की छलांग लगाई, 91वें स्थान पर पहुंचा
सुरेश
- 10 Feb 2026, 09:18 PM
- Updated: 09:18 PM
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) भारत मंगलवार को जारी भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक (सीपीआई) 2025 में 182 देशों और क्षेत्रों में से पांच पायदान ऊपर चढ़कर 91वें स्थान पर पहुंच गया।
'ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल' के नवीनतम सीपीआई के अनुसार, भारत का स्कोर पिछले वर्ष से एक अंक बढ़ गया है, जबकि इसकी रैंक 96वें स्थान से बेहतर हुई है।
बर्लिन स्थित भ्रष्टाचार-रोधी निगरानी संस्था की रिपोर्ट में कहा गया है कि एशिया प्रशांत क्षेत्र में भ्रष्टाचार-रोधी प्रगति धीमी है, क्योंकि पिछले साल कई देशों में जनता का रोष देखा गया।
'ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल' ने कहा कि 2025 के भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक से पता चलता है कि दुनिया के हर हिस्से में भ्रष्टाचार एक गंभीर खतरा बना हुआ है, हालांकि प्रगति के सीमित संकेत हैं।
रिपोर्ट में कहा गया, ''नेताओं को सत्ता के दुरुपयोग और इस गिरावट के लिए जिम्मेदार व्यापक कारकों, जैसे लोकतांत्रिक नियंत्रण और संतुलन को वापस लेना और नागरिक समाज पर हमलों से निपटने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए।''
इसमें कहा गया, ''दुनिया के कई हिस्सों में सरकार-विरोधी प्रदर्शनों से पता चलता है कि लोग गैर-जिम्मेदार नेतृत्व से तंग आ चुके हैं और सुधार की मांग कर रहे हैं।''
सीपीआई दुनिया भर के 182 देशों और क्षेत्रों को उनके सार्वजनिक क्षेत्र के भ्रष्टाचार के कथित स्तर के आधार पर रैंक देती है। परिणाम शून्य (अत्यधिक भ्रष्ट) से 100 (बहुत स्वच्छ) के पैमाने पर दिए गए हैं।
रिपोर्ट में भारत को ''भ्रष्टाचार पर रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के लिए खतरनाक'' देशों में भी सूचीबद्ध किया गया है।
इसमें कहा गया कि 2012 के बाद से, दुनिया भर में गैर-संघर्ष क्षेत्रों में, 829 पत्रकारों की हत्या कर दी गई। रिपोर्ट में कहा गया, ''इनमें से 90 प्रतिशत से अधिक हत्याएं 50 से कम सीपीआई स्कोर वाले देशों में हुईं, जिनमें ब्राजील (35), भारत (39), मैक्सिको (27), पाकिस्तान (28) और इराक (28) शामिल हैं, जो भ्रष्टाचार पर रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के लिए विशेष रूप से खतरनाक हैं।"
डेनमार्क ने 89 अंक हासिल करके सूचकांक के शीर्ष पर अपना स्थान बरकरार रखा, जिसके बाद फिनलैंड और सिंगापुर का स्थान है। पैमाने के दूसरे छोर पर दक्षिण सूडान और सोमालिया हैं, दोनों ने नौ अंक दर्ज किए, उसके बाद वेनेजुएला का स्थान है। अग्रणी तीन देशों में कोई बदलाव नहीं हुआ, जबकि दक्षिण सूडान की एक अंक की बढ़त ने उसे सोमालिया के बराबर ला दिया।
अमेरिका को 29वां स्थान दिया गया है, वहीं ब्रिटेन को 20वां स्थान मिला है।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश
1002 2118 दिल्ली