लोकायुक्त की छापेमारी में सरकारी अभियंता के मित्र के फ्लैट से 1.70 करोड़ रुपये बरामद
नेत्रपाल
- 12 Feb 2026, 09:21 PM
- Updated: 09:21 PM
बेंगलुरु, 12 फरवरी (भाषा) कर्नाटक में आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में लोकायुक्त द्वारा की गई छापेमारी के दौरान एक वरिष्ठ सरकारी अभियंता के मित्र के फ्लैट से 1.70 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह बरामदगी 'कर्नाटक रेजिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस सोसाइटी' के अधीक्षण अभियंता एच एम जनार्दन से जुड़े परिसरों पर की गई तलाशी के दौरान हुई। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के संबंध में बेंगलुरु ग्रामीण लोकायुक्त थाने में मामला दर्ज किया गया है।
इस संबंध में एक लोकायुक्त अधिकारी ने कहा, ''एच एम जनार्दन के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति मामले के सिलसिले में छह स्थानों पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके मित्र सुजय शेट्टी के फ्लैट से 1.70 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए।''
अधिकारी ने कहा कि उनके पास एक भूखंड, तीन मकान, 34 एकड़ कृषि भूमि, 7.08 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण, 20 लाख रुपये मूल्य के वाहन और 60 लाख रुपये मूल्य की अन्य मूल्यवान वस्तुएं भी मिलीं।
जनार्दन की संपत्ति का मूल्य 2.57 करोड़ रुपये आंका गया है।
अधिकारी ने बताया कि तलाश अभियान जारी है और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।
इससे पहले दिन में लोकायुक्त की टीम ने कर्नाटक में चार सरकारी अधिकारियों से जुड़े 29 परिसरों पर एक साथ छापेमारी की।
लोकायुक्त के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामलों के संबंध में बेंगलुरु, दावणगेरे और धारवाड़ में स्थित संपत्तियों को निशाना बनाया गया। जांच के दायरे में आने वाले अधिकारियों में जनार्दन के अलावा बीईएसकॉम, दावणगेरे में सहायक कार्यकारी अभियंता (सिविल) अर्जुन आर एच, कार्यकारी अभियंता पुरुषोत्तम दास हेगड़े और सर्वेक्षण पर्यवेक्षक सोमलिंगप्पा फक्किरप्पा सिद्दानगौदर भी शामिल हैं।
लोकायुक्त ने बताया कि उन्होंने 23.76 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है।
चारों में से पुरुषोत्तम सबसे धनी पाए गए, जिनके पास 11.29 करोड़ रुपये की संपत्ति निकली, जिसमें एक भूखंड, दो मकान, दो शिक्षण संस्थान, 11 एकड़ 30 गुंटा कृषि भूमि, 44.23 लाख रुपये नकद, 60.79 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 27 लाख रुपये की सावधि जमा शामिल है।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल
1202 2121 बेंगलुरु