ओडिशा राज्यसभा चुनाव : भाजपा को दो, बीजद को एक सीट मिलने की संभावना
माधव
- 18 Feb 2026, 10:12 PM
- Updated: 10:12 PM
भुवनेश्वर, 18 फरवरी (भाषा) ओडिशा में सत्तारूढ़ भाजपा आगामी राज्यसभा चुनावों में दो सीटें आसानी से जीत सकती है और विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) को एक सीट मिलना तय माना जा रहा है। वहीं, चौथी सीट के लिए किसी भी एक दल के पास अपने दम पर जीत सुनिश्चित करने को लेकर पर्याप्त संख्या नहीं है।
निर्वाचन आयोग ने बुधवार को घोषणा की कि ओडिशा सहित 10 राज्यों में द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को होंगे।
बीजद के निरंजन बिशी और मुन्ना खान तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुजीत कुमार और ममता मोहंता का कार्यकाल समाप्त होने के बाद दो अप्रैल को ओडिशा से उच्च सदन की चार सीटें रिक्त हो जाएंगी।
ओडिशा विधानसभा में 147 सदस्य हैं और सत्तारूढ़ भाजपा के 79 विधायक हैं, जबकि तीन निर्दलीय विधायकों का उसे समर्थन प्राप्त है। पिछले महीने अपने दो विधायकों के निलंबन के बाद विपक्षी बीजद के विधायकों की संख्या घटकर 48 रह गई है। कांग्रेस के 14 विधायक हैं, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का एक विधायक है।
राज्यसभा के चुनावी गणित के अनुसार, किसी उम्मीदवार को सीट जीतने के लिए कम से कम 30 प्रथम वरीयता वोट की आवश्यकता होती है। भाजपा दो सीटें जीतने की प्रबल स्थिति में है, जबकि बीजद एक सीट हासिल कर सकता है। हालांकि, चौथी सीट के लिए मुकाबला रोचक हो सकता है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र कदम ने कहा कि संख्या नहीं रहने के बावजूद पार्टी उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बीजद को प्रस्ताव दिया है कि या तो वह चौथी सीट पर उसके समर्थन से उम्मीदवार उतारे या भाजपा को जीतने से रोकने के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार का समर्थन करे।
कदम ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक से मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोनों दलों के समर्थन से संयुक्त उम्मीदवार खड़ा करने के लिए भी तैयार है।
पटनायक और बीजद दोनों ने ही इस प्रस्ताव पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इस बीच, भाजपा ने विश्वास जताया है कि वह चौथी सीट भी जीत लेगी। भाजपा विधायक टंकाधर त्रिपाठी ने विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा, ''इंतजार करें। भाजपा अधिकतम सीटें जीतेगी और सबको चौंका देगी।''
भाषा आशीष माधव
माधव
1802 2212 भुवनेश्वर