खाड़ी क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर विचार-विमर्श करने शहबाज शरीफ सऊदी अरब की यात्रा पर गये
पवनेश
- 12 Mar 2026, 05:39 PM
- Updated: 05:39 PM
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 12 मार्च (भाषा) पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बृहस्पतिवार को सऊदी अरब की संक्षिप्त सरकारी यात्रा पर रवाना हुए। सऊदी अरब के साथ पाकिस्तान के रक्षा समझौते के कारण इस यात्रा में पाकिस्तान की भूमिका की परख होगी।
दोनों देशों ने पिछले साल सितंबर में एक पारस्परिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे तथा दोनों ने किसी तीसरे देश द्वारा हमला किये जाने की स्थिति में एक-दूसरे की रक्षा करने की प्रतिबद्धता जतायी थी। यह समझौता तब हुआ था जब इजराइल ने कतर में हमास के नेताओं पर हमला किया था।
हालांकि, अमेरिका और इजराइल द्वारा साथ मिलकर ईरान पर हमले शुरू किये जाने के बाद स्थिति बदल गई । ईरान ने खाड़ी देशों में बमबारी करके जवाबी कार्रवाई की।
ईरान के साथ पाकिस्तान के अच्छे संबंधों और भौगोलिक निकटता को देखते हुए, इस बात को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है कि क्या पाकिस्तान सऊदी अरब के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करेगा।
एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने कहा था कि पाकिस्तान सऊदी अरब की मदद के लिए 'जरूरत पड़ने से पहले ही' मौजूद रहेगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक बयान में कहा गया है कि सऊदी के युवराज मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री यह यात्रा कर रहे हैं।
उसने कहा है कि प्रधानमंत्री सऊदी अरब के युवराज से मुलाकात करेंगे तथा भेंटवार्ता के दौरान दोनों 'क्षेत्र में जारी तनाव, क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर विचार-विमर्श करेंगे।''
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा,''यह दौरा कूटनीतिक क्षेत्र में पाकिस्तान की सकारात्मक भूमिका को उजागर करता है और पाकिस्तान इस भूमिका को निभाता रहेगा।''
अलग से, विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने साप्ताहिक ब्रीफिंग के दौरान इस यात्रा की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एक दिवसीय सऊदी अरब यात्रा पर रवाना हुए हैं।
उन्होंने बताया कि उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार भी प्रधानमंत्री के साथ इस यात्रा पर गये हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि यह यात्रा क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा से संबंधित मामलों पर पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच चल रहे समन्वय का हिस्सा है।
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएफ) और सेना प्रमुख (सीओएएस) फील्ड मार्शल आसिम मुनीर द्वारा सात मार्च को सऊदी अरब की यात्रा करने और रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान अल सऊद से मुलाकात करने के बाद यह सऊदी अरब की दूसरी उच्च स्तरीय यात्रा थी।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश
1203 1739 इस्लामाबाद