उत्तराखंड में 'बूथ जीता, चुनाव जीता' के मूल मंत्र पर काम करें भाजपा कार्यकर्ता : तरुण चुघ
दीप्ति रवि कांत
- 15 Mar 2026, 11:37 PM
- Updated: 11:37 PM
देहरादून, 15 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी 'बूथ जीता, चुनाव जीता' के मूल मंत्र के आधार पर करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यहां पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में अपने संबोधन में चुघ ने कहा कि देश के अन्य हिस्सों की तरह उत्तराखंड में भी पार्टी का प्रशिक्षण अभियान जारी है।
उन्होंने कहा, ''इस प्रशिक्षण अभियान में हमें बूथ क्षमता मजबूत करने पर सर्वाधिक जोर देना है। हमारे राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव भी होने हैं, जिसे लेकर हम सबका एक ही मूल मंत्र होना चाहिए 'बूथ जीता, चुनाव जीता'।''
चुघ ने कहा कि पार्टी को राजनीतिक क्षेत्र में अजर-अमर बनाने की जिम्मेदारी सभी कार्यकर्ताओं की है, जिसके तहत मजबूत संगठन के साथ ही चुनावी दृष्टि से सक्रिय एवं सक्षम बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने इस बात पर संतुष्टि जतायी कि उत्तराखंड में पार्टी शत प्रतिशत बीएलए-प्रथम बना चुकी है जबकि शीघ्र ही बीएलए-द्वितीय भी बना दिए जाएंगे।
इस बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट समेत सांसद, विधायक, पूर्व विधायक एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।
पार्टी मामलों के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री धामी को चार वर्ष पूरे करने वाले प्रदेश में पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बनने की बधाई देते हुए कहा कि धामी आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का निर्माण कर रहे हैं।
गौतम ने कहा कि धामी जनता के मन को जीतने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कहे अनुसार सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए जी जान से जुटे हैं। उन्होंने पार्टी के विधायकों की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका जोश और तैयारी बताती है कि नए उत्तराखंड का निर्माण हो रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता भाजपा की राष्ट्रवादी सांस्कृतिक विचारधारा के साथ है और उसे केंद्र तथा राज्य की 'डबल इंजन' सरकार के कामों पर पूरा भरोसा है।
धामी ने विपक्ष पर भ्रम की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को हमेशा की तरह सभी संवैधानिक प्रक्रियाओं में खुलकर सहयोग करना है ताकि मजबूत और स्वस्थ लोकतंत्र का निर्माण हो।
भट्ट ने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य के बल पर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएगी।
भाषा
दीप्ति रवि कांत
1503 2337 देहरादून