पश्चिम एशिया में तनाव घटने से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 505 अंक चढ़ा
रमण
- 17 Apr 2026, 05:09 PM
- Updated: 05:09 PM
मुंबई, 17 अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और विदेशी निवेशकों की ताजा लिवाली से घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को चढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स में 505 अंक की मजबूती दर्ज की गई जबकि निफ्टी 157 अंकों की बढ़त पर रहा।
विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक समाधान की नई उम्मीद और इजराइल-लेबनान के बीच 10 दिन के युद्धविराम से वैश्विक निवेशकों का जोखिम उठाने का रुझान बेहतर हुआ है।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 504.86 अंक यानी 0.65 प्रतिशत उछलकर 78,493.54 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 564.77 अंक तक चढ़ गया था।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 156.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 24,353.55 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में तेजी से निवेशकों की संपत्ति 4.84 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 4,65,64,461.51 करोड़ रुपये (5.02 लाख करोड़ डॉलर) हो गई।
साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स ने कुल 943.29 अंक यानी 1.21 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जबकि एनएसई निफ्टी में कुल 302.95 अंक यानी 1.25 प्रतिशत की बढ़त रही।
शुक्रवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा और टाइटन के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी ओर, सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुझान देखा गया।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के. ने कहा, "पश्चिम एशिया में तनाव घटने की उम्मीद ने घरेलू बाजार को मजबूती देने का काम किया। इससे कच्चे तेल की कीमतों में संभावित उछाल को लेकर चिंता कम हुई, जिसका असर मुद्रास्फीति और मुद्रा स्थिरता पर पड़ता है।"
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.76 प्रतिशत उछल गया जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.31 प्रतिशत की बढ़त पर रहा।
चौतरफा तेजी के बीच सभी क्षेत्रवार सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियां) खंड में 2.57 प्रतिशत, पूंजीगत उत्पाद खंड में 2.19 प्रतिशत, बिजली खंड में 1.95 प्रतिशत और उपयोगिता खंड में 1.51 प्रतिशत की तेजी रही।
बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 3,043 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 1,284 शेयरों में गिरावट रही और 166 अन्य अपरिवर्तित रहे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "घरेलू बाजार पश्चिम एशिया संकट के समाधान की बढ़ती उम्मीद और एफआईआई के फिर से लिवाल बन जाने से बढ़त के साथ बंद हुए।"
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 382.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.07 प्रतिशत गिरकर 96.34 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे बाजार धारणा को समर्थन मिला।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक नुकसान में रहे।
यूरोपीय बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
इससे पहले, बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 122.56 अंक गिरकर 77,988.68 अंक और निफ्टी 34.55 अंक फिसलकर 24,196.75 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण
1704 1709 मुंबई