अमेरिका और क्यूबा के अधिकारियों ने हवाना में मुलाकात की
सिम्मी
- 18 Apr 2026, 08:45 AM
- Updated: 08:45 AM
वाशिंगटन, 18 अप्रैल (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हस्तक्षेप संबंधी धमकियों के बीच एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने हाल में क्यूबा सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की जो दोनों देशों के बीच नए राजनयिक प्रयास का संकेत है।
अमेरिका और क्यूबा सरकार के अधिकारियों की यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हस्तक्षेप करने की धमकी दे चुके हैं, जबकि क्यूबा के नेता ने इस सप्ताह कहा था कि यदि ऐसा होता है तो उनका देश लड़ने के लिए तैयार है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पिछले सप्ताह यात्रा के दौरान क्यूबा के सेवानिवृत्त नेता राउल कास्त्रो के नाती से मुलाकात की।
अधिकारी ने यह नहीं बताया कि अमेरिका के किस अधिकारी ने राउल गुइलेर्मो रोड्रिग्ज कास्त्रो से मुलाकात की। राउल गुइलेर्मो रोड्रिग्ज कास्त्रो के नाना के बारे में माना जाता है कि वह आधिकारिक पद पर नहीं होते हुए भी क्यूबा सरकार में प्रभावशाली भूमिका निभाते हैं। एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो हवाना जाने वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं थे।
अमेरिकी अधिकारियों ने पहले कहा था कि रुबियो ने फरवरी में राउल गुइलेर्मो रोड्रिग्ज कास्त्रो से मुलाकात की थी। रुबियो का क्यूबा के प्रति बेहद कठोर रुख रहा है हालांकि उनके माता-पिता क्यूबा से आकर अमेरिका बसे थे।
अमेरिका द्वारा लगाए गए ऊर्जा प्रतिबंध के बाद क्यूबा का संकट और गहरा गया है। ट्रंप प्रशासन ने क्यूबा की सरकार को अक्षम और दमनकारी बताया है। प्रतिबंधों में ढील देने के बदले में अमेरिका ने राजनीतिक दमन को समाप्त करने, राजनीतिक कैदियों की रिहाई और द्वीप की संकटग्रस्त अर्थव्यवस्था को उदार बनाने की मांग की है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों ने स्टारलिंक उपग्रह कनेक्शन के माध्यम से क्यूबा को ''मुफ्त और विश्वसनीय इंटरनेट'' प्रदान करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर भी पिछले सप्ताह चर्चा की थी।
इन वार्ताओं का खुलासा तब हुआ जब ट्रंप ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि ईरान में युद्ध समाप्त होने के बाद उनका प्रशासन क्यूबा पर ध्यान केंद्रित कर सकता है।
ट्रंप ने क्यूबा को ''विफल राष्ट्र'' बताते हुए दावा किया था कि ''यह लंबे समय से बेहद खराब तरीके से शासित देश रहा है।''
इसके जवाब में क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने कहा कि अमेरिका के पास क्यूबा पर सैन्य हमला करने या उन्हें पद से हटाने का कोई वैध कारण नहीं है लेकिन उनका देश जरूरत पड़ने पर जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है।
एपी सुरभि सिम्मी
सिम्मी
1804 0845 वाशिंगटन