कैलाश हिल्स मामला: आरोपी 'विकृत मानसिकता' का व्यक्ति, पीड़िता ने किया था प्रतिरोध
नरेश
- 23 Apr 2026, 08:25 PM
- Updated: 08:25 PM
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि पॉश इलाके कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बलात्कार के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले के आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि वह 'विकृत मानसिकता' का शख्स है। वहीं पीड़िता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उसके शरीर पर लगी बाहरी चोटों से पता चलता है कि उसने हमलावर का प्रतिरोध किया था।
दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके में हुई इस सनसनीखेज़ वारदात की जांच में बेहद सनसनीखेज और चौका देने वाले खुलासे हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि हत्या मामले की जांच से खुलासा हुआ है कि 19 वर्षीय आरोपी एक अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल कर कैलाश हिल्स स्थित आवास में चुपके से घुसा और सीधे छत पर बने अध्ययन कक्ष में गया जहां उसने अपने पूर्व नियोक्ता की बेटी पर कथित तौर पर हमला किया, बलात्कार किया और फिर उसके खून से लथपथ शरीर को घसीट कर नीचे ले गया। आरोपी पहले घर में घरेलू सहायक के तौर पर काम करता था।
इससे एक दिन पहले आरोपी ने अलवर में अपने एक जानकार की पत्नी से भी बलात्कार किया था।
बलात्कार और हत्या की दक्षिण दिल्ली की घटना के भयावह विवरण के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपी राहुल मीणा को अपने कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है और वह बार-बार अपना बयान बदल रहा है।
आरोपी को अपराध के कुछ घंटों बाद द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसने पीड़िता पर भारी वस्तु से वार किया जिससे वह बेहोश हो गई और फिर मोबाइल फोन की चार्जिंग केबल से घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीड़िता की नाक की हड्डी में फ्रैक्चर के अलावा दोनों हाथों, बाजुओं और पैरों पर कई खरोंच और घाव पाए गए।
गुप्ता ने कहा कि बाहरी जांच में शरीर पर कई चोटें मिलीं, जो इस बात का संकेत हैं कि पीड़िता ने बचने के लिए काफी प्रतिरोध की किया था। गर्दन के अंदर मांसपेशियों को काफी नुकसान पाया गया। शरीर के सभी अंदरूनी अंग सूजे हुए (खून से भरे हुए) मिले, जो यह दिखाता है कि मौत गला दबाने से हुई है।
गुप्ता ने कहा, "जांच में पता चला है कि हमला करने के बाद गला दबाने से मौत हुई। स्वैब नमूने और नाखूनों से लिए गए नमूने आगे की जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या दुष्कर्म हुआ था।"
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मीणा से पूछताछ से पता चला है कि वह "विकृत मानसिकता" का व्यक्ति है।
इस बीच दिल्ली की अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आरोपी ने अदालत में कहा , " मुझसे अपराध हो गया... गलती हो गई।"
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
2304 2025 दिल्ली