मप्र क्रूज हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हुई, छह लोग अब भी लापता
जितेंद्र
- 01 May 2026, 10:28 PM
- Updated: 10:28 PM
जबलपुर/भोपाल, एक मई (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध में क्रूज पलटने की घटना में शुक्रवार को पांच अन्य शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई जबकि छह लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
इस बीच 28 पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में संवाददाताओं से कहा, "राहत एवं बचाव दलों ने करीब 29 लोगों को सुरक्षित निकाला है। अब तक नौ शव बरामद किए जा चुके हैं और बचाव अभियान जारी है।"
बृहस्पतिवार को इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई थी।
राज्य सरकार ने नर्मदा नदी पर बने इस बांध में हुए हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और प्रदेश में इस प्रकार के क्रूज के संचालन पर रोक लगा दी है।
यादव ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हादसे के दौरान जान जोखिम में डालकर पर्यटकों को बचाने वाले स्थानीय लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग इस दुर्घटना के कारणों की जांच करेगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम अचानक आई तेज आंधी के कारण पलटे क्रूज को पानी से बाहर निकाल लिया गया और उसके भीतर कोई नहीं मिला। जबलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक अंजुल आयान मिश्रा ने बताया कि लापता छह लोगों की तलाश जारी है।
इस बीच, मुख्यमंत्री यादव जबलपुर पहुंचे और उस व्यक्ति के घर गए, जिसे बृहस्पतिवार रात बचाव दल ने नाव में छेद कर सुरक्षित बाहर निकाला था।
उसने मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी में आपबीती सुनाई।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना स्थल का दौरा कर पर्यटन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि बांध स्थल पर मौसम की जानकारी के लिए आवश्यक उपकरण नहीं थे।
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और लाइफ जैकेट से जुड़े मुद्दे की भी जांच होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के कारण पानी में उथल-पुथल मच गई, जिससे क्रूज में सवार लोगों ने चालक से किनारे की ओर लौटने को कहा लेकिन शोर के बीच चालक तक यह बात नहीं पहुंच सकी और क्रूज पलट गया।
दिल्ली निवासी एक महिला यात्री ने आरोप लगाया कि यात्रियों को पहले से लाइफ जैकेट नहीं पहनाई गई थी और अंतिम समय में उन्हें बांटने की कोशिश से अफरातफरी मच गई, जिसके बाद नाव पलट गई।
भाषा सं दिमो रवि कांत जितेंद्र
जितेंद्र
0105 2228 जबलपुर