अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति, तेल कीमतों में गिरावट से सेंसेक्स 941 अंक चढ़ा
रमण
- 06 May 2026, 05:56 PM
- Updated: 05:56 PM
मुंबई, छह मई (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत में प्रगति के दावे के बाद बुधवार को स्थानीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली।
कारोबार के अंतिम घंटे में तेज लिवाली से बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 940.73 अंक यानी 1.22 प्रतिशत उछलकर 77,958.52 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,004.99 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,022.78 अंक पर पहुंच गया था।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 298.15 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,330.95 अंक पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख ने भी स्थानीय बाजार को समर्थन दिया।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन में सबसे ज्यादा 6.6 प्रतिशत का उछाल आया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया संकट के बीच एयरलाइन कंपनियों के लिए ऋण सुविधा की घोषणा से कंपनी के शेयर में तेजी आई। इसके अलावा ट्रेंट, एशियन पेंट्स, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और इटर्नल के शेयर भी लाभ में रहे।
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.8 प्रतिशत की गिरावट आई। लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयरों में भी गिरावट रही।
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 2.25 प्रतिशत चढ़ गया। मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप में 2.10 प्रतिशत का लाभ रहा।
ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को सुरक्षा देने के लिए 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' को स्थगित कर दिया है। उन्होंने दावा किया है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए एक समझौते की दिशा में बातचीत में प्रगति हुई है। मंगलवार को 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, ''ईरान के प्रतिनिधियों के साथ एक पूर्ण और अंतिम समझौते की दिशा में काफी प्रगति हुई है।''
होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने की वजह से फंसे जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए सोमवार को 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' शुरू किया गया था।
'ट्रुथ सोशल' पर ट्रंप का बयान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के इस ऐलान के कुछ घंटों बाद आया है कि 28 फरवरी को शुरू किया गया ऑपरेशन 'एपिक फ्यूरी' खत्म हो गया है और इसके मकसद पूरे हो गए हैं।
इस बीच, वैश्विक स्तर पर ब्रेंट कच्चा तेल आठ प्रतिशत टूटकर 101.1 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा, ''यह काफी हद तक वैश्विक कारकों की वजह से था। अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर नई उम्मीद की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है, जिससे भारत जैसी आयात पर निर्भर अर्थव्यवस्था को काफी राहत मिली है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा ने कहा, ''इसके अलावा सकारात्क घरेलू घटनाक्रमों और सरकार द्वारा कंपनियों के लिए ऋण गारंटी योजना से बैंकिंग शेयरों में तेजी रही।
एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता तथा ऊर्जा कीमतों में गिरावट से बाजार को जरूरी समर्थन मिला।
विभिन्न क्षेत्रों के सूचकांकों में दूरसंचार में 2.94 प्रतिशत, सेवाओं में 2.89 प्रतिशत, पीएसयू बैंक में 2.81 प्रतिशत, रियल्टी में 2.76 प्रतिशत, बैंकेक्स में 2.64 प्रतिशत, निजी बैंक में 2.51 प्रतिशत, वित्तीय सेवाओं में 2.47 प्रतिशत और स्वास्थ्य सेवा में 1.99 प्रतिशत की तेजी रही।
ऊर्जा, दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली, जन केंद्रित और बिजली कंपनियों में गिरावट आई।
अन्य एशियाई बाजारों में, द. कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए। कॉस्पी में छह प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आया।
दोपहर के कारोबार में यूरोप के बाजार बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 3,621.58 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सेंसेक्स मंगलवार को 251.61 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,017.79 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 86.50 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,032.80 अंक पर रहा था।
भाषा अजय
अजय रमण
रमण
0605 1756 मुंबई