भाजपा सरकार में बंगाल में घुसपैठ, मवेशी तस्करी असंभव हो जाएगी: शाह
प्रशांत
- 08 May 2026, 08:05 PM
- Updated: 08:05 PM
(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, आठ मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा करने के बाद कहा कि भाजपा सरकार में राज्य में घुसपैठ और मवेशियों की तस्करी 'नामुमकिन' हो जाएगी।
यहां भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की शानदार जीत को एक चुनावी उपलब्धि से कहीं अधिक बताया, और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा, लोकतांत्रिक बहाली से जुड़े एक निर्णायक राजनीतिक परिवर्तन और उस यात्रा की वैचारिक परिणति के रूप में चित्रित किया जो 1950 के दशक की शुरुआत में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ शुरू हुई थी।
शाह ने कहा, ''मित्रो, यह जीत सिर्फ भाजपा के विस्तार या उसकी विचारधारा के बारे में नहीं है। न ही यह सिर्फ भाजपा-राजग द्वारा 21वें राज्य में अपनी सरकार बनाने के बारे में है। इस जीत का सबसे बड़ा महत्व यह है कि इसने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा में मौजूद सबसे बड़ी खामियों में से एक को दूर कर दिया है। अब पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और गौतस्करी असंभव हो जाएगी।''
उन्होंने कहा, ''भाजपा बंगाल और देश की जनता से वादा करती है कि हम भारत में हर घुसपैठिये की पहचान करेंगे और उसे देश से बाहर करेंगे। मैं इस मंच से यह भी कहना चाहता हूं कि जो लोग इसे ध्रुवीकरण कह रहे हैं, वे गलत हैं। यह ध्रुवीकरण की बात नहीं है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा की बात है।''
अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने से पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में ज़बरदस्त जीत हासिल की और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल का राज खत्म हो गया।
शाह ने कहा कि अब 'गंगोत्री से गंगासागर' तक भाजपा की सरकार है। उन्होंने पार्टी की जीत को जनसंघ संस्थापक मुखर्जी की वैचारिक विरासत की विजय बताया।
उन्होंने कहा, ''श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में 1950 में शुरू हुई वैचारिक यात्रा ने अंततः 2026 में उनकी पार्टी को उनकी जन्मभूमि में सत्ता तक पहुंचा दिया। यह अत्यंत महत्वपूर्ण है।''
शाह ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय रचित 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ का भी जिक्र किया और कहा कि उपन्यासकार की भूमि पर भाजपा द्वारा सरकार बनाना ''एक बहुत बड़ा संकेत'' है।
निवर्तमान तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के कार्यकाल में 'प्रशासन का राजनीतिकरण' और 'राजनीति का अपराधीकरण' हुआ, जबकि हिंसा, गिरोह, भ्रष्टाचार और 'कट मनी' जड़ जमा चुके थे।
उन्होंने कहा, ''ममता जी के 15 वर्षों के शासनकाल में प्रशासन पूरी तरह से राजनीतिकरण का शिकार हो गया और राजनीति का अपराधीकरण हो गया। अपराधी स्वयं नेता बन गए। सुशासन की कोई संभावना ही नहीं थी।''
शाह ने कहा, ''गुंडागर्दी, हिंसा, सिंडीकेट, भ्रष्टाचार और कट मनी- ये सब बंगाल के लिए अभिशाप बन गए। हमारे नए मुख्यमंत्री के प्रभार संभालने के कुछ महीने के भीतर यह सब समाप्त हो जाएगा।''
राज्य में 'डबल इंजन की सरकार' का वादा करते हुए शाह ने कहा कि राजनीतिक कारणों से केंद्रीय योजनाएं और निधि को रोके जाने के कारण बंगाल का विकास रुक गया।
उन्होंने कहा, ''कई सालों से केंद्र सरकार बंगाल का विकास चाहती थी, लेकिन मोदी जी की लोकप्रियता बढ़ने के डर से धन और योजनाओं को रोक दिया गया। आज लंबे समय बाद केंद्र और राज्य दोनों जगह विकास की राह खुल गई है। अब बंगाल के विकास को कोई नहीं रोक सकता।''
गृह मंत्री ने भाजपा की बंगाल विजय को दशकों की राजनीतिक हिंसा के बाद लोकतांत्रिक सामान्य स्थिति लाने का जनादेश बताया।
उन्होंने कहा, ''आइए हम संकल्प लें और सभी दलों से अपील करें कि चुनाव में हिंसा न हो। यह भाजपा सरकार की जिम्मेदारी होगी कि चुनाव में हिंसा या धांधली की एक भी घटना न हो।''
चुनावी धांधली के विपक्ष के आरोपों पर शाह ने कहा, ''राहुल गांधीजी ईवीएम, वोट चोरी, मतदाता सूचियों और एसआईआर के बारे में बातें केवल अपनी पराजयों को छिपाने के लिए करते हैं।''
शाह ने बंगाल में नवनिर्वाचित महिला विधायकों रचना देबनाथ (पानीहाटी), रेखा पात्रा (संदेशखलि) और कविता मांझी आदि का जिक्र भी किया।
उन्होंने कहा, ''2014 में मोदीजी ने कहा था कि पूर्वी भारत का विकास भी पश्चिमी भारत के समान होना चाहिए। आज बंगाल, असम, ओडिशा और पूरा पूर्वी क्षेत्र भाजपा के ध्वज के नीचे आ गया है।''
उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के शासनकाल में आधुनिक कृषि बंगाल तक नहीं पहुंच पाई, उद्योग राज्य से पलायन कर गए और बुनियादी ढांचे का विकास रुक गया था। शाह ने यह भी वादा किया कि साहित्य, शिक्षा और कला के क्षेत्र में बंगाल एक बार फिर भारत के सांस्कृतिक चेहरे के रूप में उभरेगा।
शाह ने नव निर्वाचित विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, ''मित्रो, सौ वर्षों से हम सोनार बांग्ला का सपना देखते आ रहे हैं। अब बंगाल की जनता के लिए उस सपने को साकार करना हमारा दायित्व है।''
उन्होंने कहा, ''घुसपैठ मुक्त बंगाल, सुरक्षित महिलाएं और सुरक्षित नागरिक-यह हमारा वादा है।''
शाह ने कहा, "मैं बंगाल के लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। कम्युनिस्ट जमाने से यहां जो माहौल बना था, वह ममता जी के राज में और बढ़ गया। ऐसे हालात में, अपना वोट देना लगभग नामुमकिन हो गया था।"
उन्होंने कहा, ''हिंसा और क्रूरता के सैकड़ों मामलों के बावजूद, बंगाल के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी और हमारे नेता नरेन्द्र मोदी पर भरोसा किया और हमें भारी जीत दिलाई।''
भाषा वैभव प्रशांत
प्रशांत
0805 2005 कोलकाता