घोषणापत्र में किये गये सभी वादों को पूरा करेंगे : शुभेंदु अधिकारी
दिलीप
- 08 May 2026, 08:33 PM
- Updated: 08:33 PM
(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, आठ मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में 'डर के युग' के समाप्त होने की घोषणा करते हुए राज्य के नामित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में नई और पहली भाजपा सरकार सामूहिक नेतृत्व के सिद्धांत पर काम करेगी, पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने आने वाली सरकार की प्राथमिकताएं रेखांकित कीं और कहा कि बंगाल में डर का माहौल खत्म हो गया है और राज्य अब "भरोसे" के दौर की ओर बढ़ेगा।
पार्टी विधायकों और समर्थकों की ज़ोरदार तालियों के बीच अधिकारी ने कहा, "भय अब खत्म हो गया है और जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है, भरोसा आ गया है।"
इससे पहले 55 वर्षीय भाजपा नेता को शाह और प्रदेश में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।
अधिकारी ने कहा, ''मैं नहीं, बल्कि हम- भाजपा सरकार सामूहिक नेतृत्व के सिद्धांत पर काम करेगी।''
उन्होंने कहा, ''बंगाल की जनता ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया है। हम बंगाल में भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में किये गये सभी वादों को पूरा करेंगे।''
उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य की नई भाजपा सरकार के बीच समन्वय की जरूरत पर जोर दिया।
अधिकारी ने कहा, ''केंद्र और बंगाल की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मिलकर काम करने दें।''
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी गारंटियों का उल्लेख करते हुए अधिकारी ने कहा कि जनता से किया गया हर वादा चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
उन्होंने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराध के आरोपों में जांच की घोषणा की।
उन्होंने कहा, ''एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता वाला आयोग भ्रष्टाचार के सभी मामलों की जांच करेगा। महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं की भी आयोग जांच करेगा और दोषियों को दंडित किया जाएगा।''
अधिकारी ने कहा कि भाजपा सरकार बंगाल के पुनर्निर्माण की दिशा में काम करेगी और सकारात्मक शासन तथा पार्टी के संकल्प पत्र के क्रियान्वयन के साथ अगले चुनाव में ''60 प्रतिशत से अधिक लोगों'' का विश्वास जीतने के लक्ष्य के साथ बढ़ेगी।
उन्होंने इस दौरान सभी भाजपा विधायकों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व तथा पार्टी की जीत में उनकी भूमिका के प्रति सम्मान जताते हुए एक मिनट तक खड़े होकर ताली बजाने को कहा।
शाह ने भाजपा विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की यहां बैठक के बाद अधिकारी को औपचारिक रूप से भाजपा विधायक दल का नेता घोषित किया।
शाह ने कहा, "विधायक दल का नेता चुनने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। आठ प्रस्ताव मिले थे और उन सभी में सिर्फ एक नाम था। दूसरे नाम के लिए काफी समय दिया गया था, लेकिन कोई दूसरा नाम प्रस्तावित नहीं किया गया। इसलिए, मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित करता हूं।"
बंगाल में भाजपा की जीत के मुख्य सूत्रधारों में गिने जाने वाले अधिकारी शनिवार को यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक भव्य समारोह में राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, शाह और कई वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हो सकते हैं।
भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ज़बरदस्त जीत हासिल की और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल का राज खत्म हो गया।
भाषा वैभव दिलीप
दिलीप
0805 2033 कोलकाता