असम: राजग नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया
नेत्रपाल
- 10 May 2026, 03:29 PM
- Updated: 03:29 PM
(तस्वीरों सहित)
गुवाहाटी, 10 मई (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से रविवार को मुलाकात की और विधानसभा के लिए सदन के नेता चुने गए हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
यह असम में राजग की लगातार तीसरी सरकार होगी। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पहली बार 2016 में सत्ता में आई थी, जिसकी बागडोर सर्वानंद सोनोवाल के हाथ में थी।
वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री बने शर्मा एक और इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। वह असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले एकमात्र गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री होंगे।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा तथा सह-पर्यवेक्षक एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शर्मा तथा राजग के अन्य नेताओं के साथ लोक भवन पहुंचे।
उन्होंने कहा, ''राजग नेताओं ने सरकार बनाने का दावा पेश किया और राज्यपाल ने तीनों घटक दलों द्वारा हस्ताक्षरित आवेदन स्वीकार कर लिया।''
असम में राजग में भाजपा के अलावा असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) भी शामिल हैं।
राज्यपाल को सौंपा गया पत्र पढ़ते हुए शर्मा ने कहा, ''मुझे भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। राजग के सहयोगी दलों बीपीएफ और अगप ने भी मुझे अपना नेता चुना है। राजग के 102 विधायकों का मुझे समर्थन प्राप्त है और उन सभी के हस्ताक्षर मेरे पास हैं।''
अगप प्रमुख अतुल बोरा और बीपीएफ नेता रिहोन दैमारी ने भी अपने-अपने दलों के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपे।
इससे पहले दिन में शर्मा को असम विधानसभा में भाजपा नीत राजग विधायक दल का नेता चुना गया।
राजग ने विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। विधानसभा की 126 सीट में से भाजपा ने 82 पर जीत हासिल की, जबकि सहयोगी दलों- अगप और बीपीएफ ने 10-10 सीट जीतीं।
लोक भवन के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में जे. पी. नड्डा ने विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जनादेश के लिए असम की जनता का आभार जताया।
उन्होंने कहा, ''यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के समर्थन का प्रमाण है। असम 'सबका साथ, सबका विकास' की नीति के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसे हिमंत विश्व शर्मा ने जमीन पर उतारा है।''
नड्डा ने असम में केंद्र की विभिन्न योजनाओं और नीतियों को लागू करने में शर्मा सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ''हमने राज्यपाल को 102 विधायकों का समर्थन सौंप दिया है। हमें उम्मीद है कि उचित सत्यापन के बाद वह हिमंत विश्व शर्मा को सरकार बनाने का न्योता देंगे।''
नड्डा ने बताया कि 12 मई को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा, ''आगामी पांच वर्षों में प्रधानमंत्री विभिन्न योजनाएं लाएंगे, जिन्हें असम में हिमंत विश्व शर्मा लागू करेंगे। हमारी सरकार सक्रिय, जवाबदेह, संवेदनशील और रिपोर्ट कार्ड आधारित होगी।''
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल
1005 1529 गुवाहाटी