ओडिशा में लेटराइट पत्थर के अवैध खनन के मामले में एक व्यक्ति की हत्या, दो लोग गिरफ्तार
संतोष
- 11 May 2026, 11:25 PM
- Updated: 11:25 PM
भुवनेश्वर, 11 मई (भाषा) ओडिशा के नयागढ़ जिले में सोमवार को लेटराइट पत्थर के अवैध खनन को लेकर हुए विवाद में हमलावरों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी और कथित तौर पर उसका दाहिना हाथ भी काट दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अजीत कुमार साहू (38) के रूप में हुई है, जो नयागढ़ जिले के ओडागांव थाना क्षेत्र का निवासी था।
पुलिस ने बताया कि अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि हत्या में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
आरोप है कि जब अजीत और उसके दोस्त सड़क किनारे खड़े थे, तभी एक वाहन में सवार छह लोग आए और अचानक तलवार से उन पर हमला कर दिया, जिससे अजीत को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को पता चला है कि अजित और उसके दोस्त संतोष कुमार प्रधान ने कदलीबांध में रात करीब 12:50 बजे लैटेराइट पत्थर से लदे दो ट्रकों को कथित तौर पर पैसे वसूलने के इरादे से रोका था।
ट्रक के चालक से फोन पर सूचना मिलने पर मालिक मौके पर पहुंचा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में कुछ अन्य लोग एसयूवी और मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और अजित और संतोष के साथ तीखी बहस करने लगे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों समूहों के बीच हाथापाई हुई और अचानक आरोपियों में से एक ने एसयूवी से तलवार निकाली जबकि दूसरे ने अजीत की गर्दन को पूरी ताकत से पकड़ लिया।
अधिकारी ने बताया कि अजीत विरोध नहीं कर सका और गिर गया, जिसके बाद आरोपियों ने मिलकर अजीत पर तलवार से कई वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसका दाहिना हाथ काट दिया।
लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने इस मामले में पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ अवैध पत्थर खदानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी।
उन्होंने इस संबंध में स्थानीय प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा।
अधिकारी ने बताया कि ओडागांव पुलिस थाने में मामला दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नयागढ़ अस्पताल भेज दिया गया है।
मध्य रेंज के आईजीपी सत्यजीत नाइक और नयागढ़ के पुलिस अधीक्षक ( एसपी) एस सुश्री ने घटनास्थल का दौरा किया।
एसपी ने अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें गठित की हैं।
अधिकारी ने बताया कि जिला खनन अधिकारी और अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों के समन्वय से एक विशेष टीम को अवैध पत्थर खदानों और उनके परिवहन की समस्या पर अंकुश लगाने का कार्य सौंपा जाएगा।
भाषा
राखी संतोष
संतोष
संतोष
1105 2325 भुवनेश्वर