कुवैत ने ईरान पर बुबियान द्वीप पर हमला करने के लिए सशस्त्र दल भेजने का आरोप लगाया
माधव
- 12 May 2026, 10:34 PM
- Updated: 10:34 PM
दुबई, 12 मई (एपी) कुवैत ने ईरान पर पश्चिम एशिया के इस देश के एक द्वीप पर हमला करने के लिए सशस्त्र 'रिवोल्यूशनरी गार्ड' का एक दल भेजने का मंगलवार को आरोप लगाया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ बैठक के लिए बीजिंग जाने से ठीक पहले कुवैत ने यह आरोप लगाया।
ईरान ने कुवैत के इस आरोप को तुरंत स्वीकार नहीं किया। युद्ध के दौरान कुवैत पर कई बार हमले किये गये थे।
इजराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकाबी ने मंगलवार को कहा कि ईरान युद्ध के दौरान देश की रक्षा के लिए इजराइल ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को आयरन डोम मिसाइल-रोधी बैटरियां और उन्हें संचालित करने के लिए कर्मी भेजे थे।
हकाबी ने यह टिप्पणी तेल अवीव में आयोजित एक कार्यक्रम में की।
कुवैत ने दावा किया कि गार्ड के छह सशस्त्र सदस्यों के एक दल ने इराक और ईरान के निकट फारस की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित बुबियान द्वीप में घुसपैठ करने की कोशिश की।
इसने दल पर ''शत्रुतापूर्ण कृत्यों'' को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
कुवैत ने कहा कि उसने चार लोगों को हिरासत में ले लिया है जबकि दो भाग गये।
इसने कहा कि हमले में उसका एक सुरक्षा अधिकारी घायल हो गया।
बुबियान द्वीप पर मुबारक अल कबीर बंदरगाह स्थित है, जिसका निर्माण चीन की 'बेल्ट एंड रोड' पहल के तहत किया जा रहा है। युद्ध के दौरान ईरान ने इस परियोजना पर हमला भी किया था।
ट्रंप इस सप्ताह शी चिनफिंग के साथ शिखर सम्मेलन के लिए चीन की यात्रा करेंगे, जिसमें संभवतः ईरान का मुद्दा भी उठाया जायेगा।
चीन लंबे समय से ईरानी कच्चे तेल का खरीदार रहा है और जलडमरूमध्य के बंद होने से उसे नुकसान पहुंचा है, जिससे वैश्विक ऊर्जा संकट उत्पन्न हो गया है।
तेल अवीव सम्मेलन में हकाबी ने कहा, ''मैं अब्राहम समझौते के पहले सदस्य संयुक्त अरब अमीरात की सराहना करना चाहूंगा। इसके लाभों को देखिए। इजराइल ने उनकी मदद के लिए आयरन डोम बैटरियां और उन्हें संचालित करने के लिए कर्मी भेजे हैं।''
यूएई ने वर्ष 2020 में कूटनीतिक रूप से इज़राइल को मान्यता दी थी।
ईरान ने हकाबी की टिप्पणियों पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
यूएई ने हकाबी की इस स्वीकारोक्ति पर टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया लेकिन इससे इन देशों के बीच बढ़ते रक्षा संबंधों का संकेत मिला है।
इस बीच, मंगलवार को बहरीन के अभियोजकों ने कहा कि जासूसी और ईरान के 'रिवोल्यूशनरी गार्ड' के साथ साजिश रचने समेत कई आरोपों में कम से कम 12 लोगों को जेल की सजा सुनाई गई है।
उन्होंने बताया कि तीन लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
एपी
देवेंद्र माधव
माधव
1205 2234 दुबई