अहमदाबाद में तेज रफ्तार एसयूवी ने कार को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत, एक घायल
रवि कांत रंजन
- 01 Jul 2024, 07:14 PM
- Updated: 07:14 PM
अहमदाबाद, एक जुलाई (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद शहर में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) ने एक अन्य कार को टक्कर मार दी, जिसके कारण तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना सरदार पटेल रिंग रोड पर एक 'टी' जंक्शन पर सुबह करीब पांच बजे हुई। इस दुर्घटना के दृश्यों में एसयूवी में बीयर के डिब्बे तथा कार के मलबे के पास कुछ डिब्बे बिखरे पड़े दिखाई दिए।
सूत्रों ने बताया कि एसयूवी की नंबर प्लेट किसी अन्य कार की थी।
गुजरात में अवैध शराब की बिक्री पर नजर रखने वाले राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) ने इन खबरों का खंडन किया कि उनकी टीम एसयूवी का पीछा कर रही थी।
पुलिस उपायुक्त-यातायात (पश्चिम) नीता देसाई ने बताया कि एसयूवी चालक पुलिस की हिरासत में है और यह पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं कि क्या वह किसी अवैध गतिविधि में शामिल होने के कारण तेज गति से गाड़ी चला रहा था।
उन्होंने बताया कि वैष्णोदेवी सर्किल की ओर से आ रही एसयूवी ने दूसरी कार को उस समय टक्कर मार दी जब वह राजपथ क्लब रोड की ओर मुड़ रही थी।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक मृतकों की पहचान एसयूवी सवार ओम प्रकाश (37), दूसरी कार के चालक अजित काठी (32) और उसमें सवार मनीष भट्ट (52) के रूप में हुई है। अजित और मनीष अहमदाबाद के वीरमगाम शहर के रहने वाले थे।
उन्होंने बताया कि ओम प्रकाश और एसयूवी का चालक राजेंद्र साहू राजस्थान के रहने वाले थे। राजेंद्र दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस उपायुक्त नीता देसाई ने कहा, ‘‘ बोपल की ओर जा रही एसयूवी ने दूसरी कार को टक्कर मार दी, जो बोपल की ओर से आ रही थी और राजपथ क्लब रोड की ओर दाएं मुड़ रही थी। कार में सवार दो लोगों और एसयूवी में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। एसयूवी के चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।’’
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और अग्निशमन दल मलबे से पीड़ितों को बचाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
एसएमसी ने उन रिपोर्टों का खंडन किया कि उनकी टीम एसयूवी का पीछा कर रही थी।
एसएमसी के पुलिस उपाधीक्षक के.टी. कमारिया ने एक बयान में कहा, ‘‘हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमारी कोई भी टीम उस एसयूवी का पीछा नहीं कर रही थी। यह केवल कुछ लोगों द्वारा फैलाई गई अफवाह थी।’’
भाषा रवि कांत