यात्री वाहनों की थोक बिक्री अप्रैल में 25.4 प्रतिशत बढ़कर 4,37,312 इकाई:सियाम
निहारिका
- 14 May 2026, 11:55 AM
- Updated: 11:55 AM
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री अप्रैल में सालाना आधार पर 25.4 प्रतिशत बढ़कर 4,37,312 इकाई हो गई। इससे पिछले साल की तेजी को बरकरार रखते हुए नए वित्त वर्ष की मजबूत शुरुआत हुई है। उद्योग निकाय सियाम ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अप्रैल 2025 में थोक बिक्री 3,48,847 इकाई रही थी।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने बयान में कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध के कारण वस्तुओं की ऊंची कीमतों की चिंताओं के बावजूद मोटर वाहन उद्योग में अच्छी मांग देखी जा रही है।
यूटिलिटी वाहनों ने यात्री वाहन (पीवी) खंड में मात्रा वृद्धि को आगे बढ़ाना जारी रखा और अप्रैल में इनकी बिक्री 21.5 प्रतिशत बढ़कर 2,44,280 इकाई हो गई जो पिछले वर्ष अप्रैल में 2,01,062 इकाई थी।
सियाम के अनुसार, यात्री कार की थोक बिक्री भी पिछले महीने 32.7 प्रतिशत बढ़कर 1,20,945 इकाई हो गई, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 91,148 इकाई थी। घरेलू बाजार में वैन की बिक्री पिछले महीने 14.4 प्रतिशत बढ़कर 13,087 इकाई रही जो अप्रैल 2025 में 11,438 इकाई थी। दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री पिछले महीने 28.4 प्रतिशत बढ़कर 18,72,691 इकाई हो गई जो पिछले वर्ष अप्रैल में 14,58,784 इकाई थी।
आंकड़ो के अनुसार, अप्रैल 2026 में मोटरसाइकिल की बिक्री 30.6 प्रतिशत बढ़कर 11,38,452 इकाई हो गई जो पिछले वर्ष के समान महीने में 8,71,666 इकाई थी। इसी प्रकार, स्कूटर की बिक्री पिछले महीने 26.2 प्रतिशत बढ़कर 6,91,993 इकाई हो गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 5,48,370 इकाई थी।
इसी तरह, तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री 32.8 प्रतिशत बढ़कर 65,668 इकाई हो गई जो अप्रैल 2025 में 49,441 इकाई थी।
उद्योग निकाय के अनुसार, अप्रैल में सभी श्रेणियों में कुल थोक बिक्री 27.9 प्रतिशत बढ़कर 23,16,671 इकाई हो गई जो पिछले वर्ष के समान महीने में 18,11,876 इकाई थी।
इस प्रदर्शन पर सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, '' वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही की गति को जारी रखते हुए, वित्त वर्ष 2026-27 के पहले महीने में यात्री वाहन, तिपहिया और दोपहिया श्रेणियों में मजबूत दोहरे अंक की वृद्धि दर्ज की गई।''
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण वस्तुओं की उच्च कीमतों को लेकर चिंताएं हैं, फिर भी उद्योग में मांग अच्छी बनी हुई है।
भाषा निहारिका
निहारिका
1405 1155 दिल्ली