'कॉकरोच जनता पार्टी' भारत को अस्थिर करने की कोशिश का हिस्सा: केरल भाजपा अध्यक्ष
सुरेश
- 23 May 2026, 01:12 PM
- Updated: 01:12 PM
तिरुवनंतपुरम, 23 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को आरोप लगाया कि हाल में सुर्खियों में आया व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अकाउंट 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) ''जनमत को प्रभावित करने के लिए सीमा पार से चलाए जा रहे उस अभियान'' का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारत को अस्थिर करना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं उनकी सरकार को निशाना बनाना है।
चंद्रशेखर ने 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा कर ''कॉकरोच पार्टी की इस चाल'' को विपक्ष के कुछ वर्गों की कथित मदद से ''सीमा पार से चलाया जा रहा जनमत प्रभावित करने का अभियान'' बताया।
उन्होंने कहा, ''सोशल मीडिया, बॉट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और हथियार के रूप में उसका इस्तेमाल किए जाने के इस दौर में, जनमत को प्रभावित करने के ये अभियान फर्जी और देखने में स्वाभाविक लगने वाली धारणाएं बनाकर अस्थिरता पैदा करने के खतरनाक और प्रभावी तरीके हैं।''
भाजपा नेता ने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में भारत के उदय और आधुनिकीकरण ने कई देशों और निहित स्वार्थों के बीच असंतोष पैदा किया है।
उन्होंने पोस्ट में कहा, ''मैं हमेशा कहता रहा हूं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का उदय और उसका आधुनिकीकरण कई देशों को खटकेगा और हमारे निरंतर उदय के रास्ते में कई बाधाएं पैदा की जाएंगी।''
चंद्रशेखर ने कोरानावायरस महामारी, रूस-यूक्रेन संघर्ष, अमेरिका और ईरान से जुड़े तनाव, ऊर्जा संकट और ''चीनी आक्रामकता'' सहित वैश्विक संकटों का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने आर्थिक वृद्धि सुनिश्चित करते हुए भारत को ''सुरक्षित, संरक्षित और सक्षम'' बनाए रखा।
उन्होंने कहा, ''यही सच्चे नेतृत्व की पहचान है और देश एवं दुनिया के सामने आने वाली चुनौतियों का हमारा एकजुट होकर सामना करना आज के समय में सही कदम है।''
उन्होंने कहा कि ''कोई कॉकरोच, कोई तुच्छ भारतीय विपक्षी नेता, मोदी से नफरत करने वाला कोई मसखरा या कोई विदेशी निहित स्वार्थ'' विकसित भारत बनाने के संकल्प को पटरी से नहीं उतार सकता।
पिछले सप्ताह अस्तित्व में आई और सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर के साथ सुर्खियों में रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' के 'एक्स' अकाउंट पर भारत में बृहस्पतिवार को रोक लगा दी गई। हालांकि, इस रोक के कुछ ही देर बाद 'कॉकरोच मरता नहीं है' टैगलाइन के साथ 'कॉकरोच इज बैक' नाम से एक और हैंडल बना दिया गया।
बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार को लोगों को 24 मई को टाउन हॉल के पास कथित तौर पर ''कॉकरोच जनता पार्टी कर्नाटक'' नामक एक समूह द्वारा आयोजित प्रस्तावित ''शांतिपूर्ण मानव शृंखला'' कार्यक्रम में भाग लेने या सोशल मीडिया पर इससे संबंधित संदेशों को प्रसारित करने के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है।
भाषा
सिम्मी सुरेश
सुरेश
2305 1312 तिरुवनंतपुरम