एमसीडी ने ईद के लिए नेहरू हिल पार्क का इस्तेमाल करने से जुड़ी अनुमति रद्द की
संतोष
- 23 May 2026, 05:24 PM
- Updated: 05:24 PM
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) रामलीला मैदान के पास नेहरू हिल पार्क में बकरों की अवैध बिक्री के आरोपों के बीच दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने ईद समारोह के लिए दी गई पार्क के उपयोग की अनुमति शनिवार को रद्द कर दी। एक आदेश में यह जानकारी दी गई है।
एमसीडी के बागवानी विभाग ने 12 और 14 मई को दिल्ली पुलिस से पार्क में कथित रूप से बकरों की खरीद-फरोख्त किए जाने की शिकायत की थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया है।
शनिवार को जारी आधिकारिक आदेश में सहायक निदेशक (बागवानी), सिटी-एसपी जोन ने कहा कि एक आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि को 21 मई से 27 मई तक के लिए दी गई पार्क के उपयोग की अनुमति तत्काल प्रभाव से वापस ली जाती है।
आदेश में कहा गया है कि पार्क में अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करके गतिविधियां की जा रही थीं।
आदेश में यह भी कहा गया है, "आपको निर्देश दिया जाता है कि तुरंत स्थल खाली करें और वहां पर सभी गतिविधियां बंद करें।"
साथ ही, आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आईपी एस्टेट थाना पुलिस से सहायता मांगी गई है।
दिल्ली भाजपा ने आरोप लगाया कि यह अनुमति लगभग 1.07 लाख रुपये जमा कराने के बाद दी गई थी।
पार्टी के बयान के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर कुछ स्थानीय निवासियों और भाजपा पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि इस अनुमति का इस्तेमाल सार्वजनिक पार्क में अवैध बकरा बाजार को वैध दिखाने के लिए किया जा रहा था। यह पार्क माता सुंदरी रोड और मिंटो रोड के आसपास मिश्रित आबादी वाले इलाके में स्थित है।
दिल्ली भाजपा के पदाधिकारी अमित गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर अनुमति रद्द करने की मांग की।
गुप्ता ने बयान में आरोप लगाया, "रसीद में कहीं भी बकरा बाजार लगाने की अनुमति का उल्लेख नहीं है। यह साफ तौर पर नगर निगम अधिकारियों पर दबाव बनाकर अवैध गतिविधि को वैध बनाने का मामला है।"
उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले कई दशक से इस पार्क में कभी ऐसा बकरा बाजार नहीं लगा।
गुप्ता ने सवाल किया कि जब दिल्ली सरकार पहले ही सार्वजनिक स्थानों पर बकरों की कुर्बानी की अनुमति नहीं देने की बात कह चुकी है, तब सार्वजनिक पार्क की अनुमति क्यों दी गई।
एमसीडी के बागवानी विभाग द्वारा पहले आईपी एस्टेट थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, पार्क का बार-बार बकरों की खरीद-फरोख्त और रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और सार्वजनिक संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि विभाग ने 12 और 14 मई को शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिसके बाद 15 मई को पुलिस की मदद से पार्क खाली कराया गया था।
हालांकि, बाद में नगर निगम को सूचना मिली कि पार्क में फिर से बकरे रखे जा रहे हैं। इसके बाद पार्क के दुरुपयोग को रोकने के लिए पुलिस हस्तक्षेप की मांग करते हुए एक और शिकायत दर्ज कराई गई।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष
2305 1724 दिल्ली