फिल्म कर्मचारी संघ ने 'डॉन 3' से रणवीर के बाहर निकलने के विरोध में असहयोग का निर्देश जारी किया
सुरेश
- 25 May 2026, 11:18 PM
- Updated: 11:18 PM
मुंबई, 25 मई (भाषा) फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने सोमवार को कहा कि उसके चार लाख से अधिक सदस्य रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे, क्योंकि उन्होंने फरहान अख्तर की फिल्म "डॉन 3" से आखिरी समय में किनारा कर लिया था, जिसका निर्माण तीन साल से चल रहा था।
अख्तर और उनके साथी रितेश सिधवानी ने सिंह के खिलाफ इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (आईएफटीडीए) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी, जिसने मामले को आगे की कार्रवाई के लिए एफडब्ल्यूआईसीई को भेज दिया था।
'डॉन 3' की शूटिंग अभी शुरू नहीं हुई थी। निर्माताओं का दावा है कि प्री-प्रोडक्शन चरण में पहले ही 45 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं।
एफडब्ल्यूआईसीई के मानद महासचिव अशोक दुबे ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "आज के बाद हम रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे, चाहे वह कैमरामैन हो, स्पॉट ब्वॉय हो, लाइटमैन हो या हमारी तरफ से कोई और। यह असहयोग तब तक जारी रहेगा जब तक विवाद का समाधान नहीं हो जाता। एक व्यक्ति, लोगों की वजह से, हमारे साथ काम करने वाले सदस्यों, तकनीशियनों और फिल्म देखने वालों की वजह से कलाकार बनता है। आप उस फिल्म को यूं ही नहीं छोड़ सकते, जिस पर कई लोगों ने तीन साल तक मेहनत की हो।"
उन्होंने कहा, "हमने आपको एक पत्र लिखा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, इसलिए एफडब्ल्यूआईसीई का कोई भी सदस्य आपके साथ काम नहीं करेगा।"
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने अपने आधिकारिक प्रवक्ता के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह फिल्म जगत और 'डॉन' फिल्म शृंखला से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का सर्वोच्च सम्मान करते हैं।
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "'डॉन 3' को लेकर हाल ही में हुए घटनाक्रमों के बीच उन्होंने (रणवीर सिंह ने) जानबूझकर चुप्पी बनाए रखने का विकल्प चुना। उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता तथा आपसी सम्मान के साथ संभालना ही सबसे बेहतर होता है।"
बयान के अनुसार, "समय के साथ कई तरह की बातें और अटकलें सामने आई हैं, लेकिन रणवीर ने कभी भी सार्वजनिक रूप से इस पर प्रतिक्रिया देना या अटकलों को बढ़ावा देना जरूरी नहीं समझा। उनका पूरा ध्यान दृढ़ता से अपने काम और आगामी प्रतिबद्धताओं पर केंद्रित है।"
प्रवक्ता ने कहा, "वह इस फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों के प्रति गहरा सम्मान और सद्भावना रखते हैं और ईमानदारी से कामना करते हैं कि इस फ्रेंचाइजी को आगे भी सफलता मिलती रहे। इस तरह के क्षणों में संयम और शालीनता का रास्ता चुनना हमेशा से उनका एक सचेत निर्णय रहा है, और वह आगे भी इसी रुख पर कायम रहेंगे।"
'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (एफडब्ल्यूआईसीई) भारत में फिल्म और टेलीविजन श्रमिकों का प्राथमिक व्यापार संघ और शीर्ष संगठन है।
इसकी वेबसाइट के अनुसार, इस संगठन की स्थापना वर्ष 1956 में हुई थी। अपने सदस्यों के हितों की देखभाल करने के अलावा, यह संस्था कलाकारों, तकनीशियनों और प्रोडक्शन स्टूडियो के बीच उत्पन्न होने वाले विवादों में मध्यस्थता करने का कार्य भी करती है।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश
2505 2318 मुंबई