राजौरी में 'ऑपरेशन शेरूवाली' के तीसरे दिन आतंकवादियों के ठिकाने का भंडाफोड़
सुरेश
- 25 May 2026, 10:52 PM
- Updated: 10:52 PM
जम्मू, 25 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के घने जंगलों में छिपे संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश में चलाया जा रहा अभियान लगातार तीसरे दिन सोमवार को भी जारी रहा और सुरक्षा बलों ने संक्षिप्त गोलीबारी के बाद एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के संयुक्त दल द्वारा शनिवार को 'ऑपरेशन शेरूवाली' शुरू किए जाने के बाद डोरीमल-गंभीर मोगला क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई।
अधिकारियों ने बताया, ''संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश का अभियान कड़े घेराबंदी के बीच जारी है। इलाके में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।''
अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन और खोजी कुत्तों से लैस संयुक्त दलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और इलाके में छिपे संदिग्ध आतंकवादियों का पता लगाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात करके घेराबंदी को और मजबूत किया है।
उन्होंने बताया कि ठिकाने का भंडाफोड़ होने से पहले इलाके में संक्षिप्त गोलीबारी हुई थी।
अधिकारियों ने कहा कि ठिकाने से खाने-पीने की वस्तुएं, कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतलें, अचार, कपड़े, बैग और पॉलीथीन कवर बरामद हुए। अधिकारियों ने कहा कि ये सामान आतंकियों के निजी उपयोग के प्रतीत होते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा बलों को वहां खून के धब्बे भी मिले, जिससे संकेत मिलता है कि संभवतः आतंकवादी इलाके में सुरक्षा बलों की कार्रवाई शुरू होने से पहले छिपे हुए थे।
सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की विशेष सूचना मिलने के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था।
अभियान के दौरान संदिग्ध आतंकवादियों से आमना-सामना होने पर संक्षिप्त गोलीबारी हुई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने घने जंगलों वाले इलाके में व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इलाके में दो से तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की आशंका जताई गई है।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने 'एक्स' पर बताया कि शनिवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे गंभीर मोगला के सामान्य क्षेत्र में आतंकवादियों से आमना-सामना हुआ।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश
2505 2252 जम्मू