राज्यसभा चुनाव के बाद कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर निर्णय ले सकती है कांग्रेस
सुरेश
- 26 May 2026, 11:37 PM
- Updated: 11:37 PM
नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) कांग्रेस आलाकमान अगले महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव के बाद कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर फैसला कर सकता है, हालांकि पार्टी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ लंबी मंत्रणा के बाद इस विषय पर चुप्पी साधे रखी।
कांग्रेस ने इस बात पर जोर दिया कि इस मैराथन बैठक में सिर्फ राज्यसभा एवं विधान परिषद के चुनावों को लेकर चर्चा की गई।
पार्टी मुख्यालय 'इंदिरा भवन' में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला शामिल थे।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी के कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को राज्यसभा भेजने और डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने का फार्मूला सुझाया, लेकिन मुख्यमंत्री ने फिलहाल इसे अस्वीकार कर दिया। बहरहाल, कांग्रेस की ओर से इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है।
सूत्रों ने बताया कि पार्टी आलाकमान राज्यसभा चुनाव के बाद इस मामले को सुलझाने के लिए अंतिम निर्णय ले सकता है।
शिवकुमार के समर्थकों का कहना है कि 2023 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उनके नेता से वादा किया गया था कि उन्हें ढाई साल के बाद मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, हालांकि कांग्रेस ने सत्ता साझेदारी के किसी समझौते की बात को कभी खुलकर स्वीकार नहीं किया।
इस बैठक के बाद वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ''पूरी चर्चा आगामी राज्यसभा चुनाव और कर्नाटक के विधान परिषद चुनाव पर ही केंद्रित रही। आप लोग (मीडिया) जो भी अनुमान लगा रहे हैं, वह केवल अटकलबाजी है। इसमें बिल्कुल भी वास्तविकता नहीं है।''
उनका कहना था, ''कर्नाटक से राज्यसभा सीटों के चुनाव और विधान परिषद चुनाव के उम्मीदवारों की घोषणा अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के साथ ही की जाएगी... हमने आज यही निर्णय लिया है और कुछ भी नहीं।''
कर्नाटक में खाली हो रही राज्यसभा की चार सीट में से कांग्रेस तीन और भाजपा एक सीट जीतने की स्थिति में है।
खरगे का राज्यसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल खत्म हो रहा है और उनके कर्नाटक से ही एक बार फिर चुने जाने की संभावना है।
राज्य विधानसभा में कांग्रेस के संख्या बल को देखते हुए विधान परिषद की सात रिक्त सीट में से कांग्रेस को चार सीट मिलने की संभावना है।
कर्नाटक में 20 मई को कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे हो जाने के बाद से नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर अटकलें जारी हैं।
शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद सिद्धरमैया के साथ ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनने को लेकर हुए कथित समझौते के तहत उनकी (शिवकुमार की) पदोन्नति पर जोर दे रहे हैं।
सिद्धरमैया ने हाल ही में कहा था कि वह अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।
उधर शिवकुमार ने लगातार यही कहा है कि वह कांग्रेस नेतृत्व के फैसले का पालन करेंगे और मुख्यमंत्री पद पर परिवर्तन के संबंध में परिणाम समय के साथ पता चल जाएगा।
भाषा हक सुरेश
सुरेश
2605 2337 दिल्ली