मध्य दिल्ली में एसपीए इमारत में आग लगी, कोई हताहत नहीं
माधव
- 01 Jun 2026, 09:44 PM
- Updated: 09:44 PM
नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) मध्य दिल्ली स्थित 'स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर' (एसपीए) इमारत में सोमवार को आग लग गई जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियों, एम्बुलेंस और पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि आग में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है और आग मामूली प्रकृति की थी।
अधिकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने शुरू में कहा था कि आग पीडब्ल्यूडी मुख्यालय के पास विकास मार्ग पर स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) में दूसरी मंजिल पर शिक्षा मंत्रालय के एक कार्यालय में लगी थी।
हालांकि, मंत्रालय ने बाद में एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि आग एसपीए परिसर में लगी थी, न कि उसके कार्यालय में।
बयान में कहा गया, "शिक्षा मंत्रालय कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड पर स्थित है जबकि आग लगने की घटना ब्लॉक बी, 4, इंद्रप्रस्थ एस्टेट, विकास मार्ग (आईटीओ), नई दिल्ली स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के परिसर में हुई।"
मंत्रालय ने कहा, "आग मामूली थी, जिस पर तुरंत काबू पा लिया गया। किसी भी प्रकार की जानमाल की हानि की कोई खबर नहीं है।"
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह 9 बजकर 37 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना आईपी एस्टेट थाने में मिलने के तत्काल बाद स्थानीय पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।
एसपीए में कार्यालय सहायक के रूप में कार्यरत सौरभ शर्मा ने पुलिस को दूसरी मंजिल पर प्रशासनिक खंड के संकाय कक्षों से धुआं और आग की लपटें निकलने की सूचना दी।
अधिकारियों ने बताया कि दमकल की गाड़ियों के अलावा तीन एम्बुलेंस, दो पीसीआर वैन, यातायात पुलिस कर्मियों और स्थानीय पुलिसकर्मियों को भी राहत एवं बचाव कार्य में सहायता तथा परिसर और उसके आसपास लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगाया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और इमारत में आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने आग लगने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
0106 2144 दिल्ली