लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड मोदी के नाम होने के बाद वाराणसी में हर्षोल्लास
जोहेब
- 10 Jun 2026, 06:28 PM
- Updated: 06:28 PM
वाराणसी, 10 जून (भाषा) भारत में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड नरेन्द्र मोदी के नाम दर्ज होने के बाद बुधवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रार्थनाओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने अर्दली बाजार में स्थित महावीर मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों का नेतृत्व किया, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
इसके बाद जायसवाल पांडेयपुर में स्थित सरकारी पंडित दीनदयाल अस्पताल पहुंचे और मरीजों के बीच फल वितरित किए।
इस अवसर पर मंत्री ने वरुणा पुल के पास शास्त्री घाट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों के साथ स्वच्छता अभियान में भी भाग लिया।
इसी बीच, नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के गंगा द्वार पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के समन्वयक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने प्रधानमंत्री की तस्वीर और राष्ट्रीय ध्वज को हाथ में लेकर गंगा आरती की।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देने की प्रार्थना की।
शुक्ला ने कहा कि ये कार्यक्रम मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए गए हैं। उन्होंने मोदी के कार्यकाल में किए गए विभिन्न विकास और कल्याणकारी कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व विकास और गरीबों के कल्याण को देखा है।"
शुक्ला ने कहा, "80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराना, देशभर में 90 से अधिक हवाई अड्डों का निर्माण, 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर देना, 1.45 लाख किलोमीटर सड़कें और 3000 किलोमीटर आधुनिक एक्सप्रेसवे बनाना, 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देना और 10 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना जैसी उपलब्धियां हासिल की गई हैं।"
उन्होंने यह भी कहा, "अपने अथक परिश्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12 वर्षों में एक भी दिन छुट्टी लिए बिना देश और देशवासियों की सेवा की है।"
भाषा सं राजेंद्र जोहेब
जोहेब
1006 1828 वाराणसी