बेहतर स्पिन आक्रमण के कारण भारत टी20 विश्व कप का प्रबल दावेदार: रीमा मल्होत्रा
सुधीर
- 11 Jun 2026, 10:14 AM
- Updated: 10:14 AM
... अमित आनंद ...
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) पूर्व भारतीय क्रिकेटर रीमा मल्होत्रा का मानना है कि शानदार स्पिन गेंदबाजों की मौजूदगी के कारण भारतीय महिला क्रिकेट टीम आगामी टी20 विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार है।
उन्होंने कहा टीम एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज होने के साथ किसी एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं है।
विश्व कप का आयोजन 12 जून से इंग्लैंड में होगा। इसका फाइनल पांच जुलाई को खेला जायेगा
रीमा ने रायपुर से फोन पर 'पीटीआई-भाषा' को दिए साक्षात्कार में कहा, ''एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। पहले टीम को यह साबित करना था कि वह बड़े मंच पर जीत सकती है, लेकिन अब खिलाड़ियों को भरोसा है कि वे किसी भी परिस्थिति और किसी भी प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।''
देश के लिए 41 वनडे और 22 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी इस पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी ने कहा कि इंग्लैंड की मौजूदा परिस्थितियों में स्पिनरों की भूमिका काफी अहम होगी और भारतीय टीम के पास इस विभाग में कई विकल्प मौजूद हैं।
रीमा ने कहा, ''दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, श्री चरणी जैसी स्पिनरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। शेफाली वर्मा के पास भी विकेट चटकाने की क्षमता है। गर्मी के कारण परिस्थितियां स्पिनरों के अनुकूल होंगी और अगर भारतीय स्पिन आक्रमण प्रभावी रहा तो टीम ट्रॉफी जीतने की क्षमता रखती है।''
उन्होंने तेज गेंदबाजी में अनुभव की कमी को ज्यादा तवज्जो नहीं दी।
रेणुका सिंह ठाकुर (63 टी20 अंतरराष्ट्रीय) अनुभवी तेज गेंदबाज हैं, लेकिन क्रांति गौड़ को 11 और नंदिनी शर्मा को सिर्फ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव है।
टीम के तेज गेंदबाजी विभाग को लेकर उठ रहे सवालों पर रीमा ने कहा, ''रेणुका के पास अनुभव है और क्रांति गौड़ लगातार शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेल रही हैं। अनुभव खेलने से ही आता है। अनुभवी खिलाड़ी युवा गेंदबाजों का मार्गदर्शन कर सकते हैं।''
एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी20 श्रृंखला 2-1 से जीतने में सफल रही थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में पांच मैचों की श्रृंखला में उसे 1-4 से और इंग्लैंड में तीन मैचों की श्रृंखला में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
टीम इसके बाद अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज को हराने में सफल रही लेकिन इंग्लैंड से बुधवार को उसे शिकस्त मिली।
दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी देखने को मिली थी।
रीमा ने कहा कि बड़े टूर्नामेंट से पहले टीम संयोजन पर काम करना अधिक महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने कहा, ''विश्व कप से पहले की श्रृंखलाओं में जीत से ज्यादा अहम सही संयोजन तलाशना होता है। इन दोनों दौरों पर हमने कई खिलाड़ियों को आजमाया। इसका मकसद विश्व कप से पहले खिलाड़ियों को मैच अभ्यास और आत्मविश्वास देना था।''
उन्होंने कहा, ''टीम की बल्लेबाजी में विकल्पों की कोई कमी नहीं है। अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने के लिए टीम के पास रिचा घोष के साथ भारती फुलमाली का भी विकल्प है। यास्तिका भाटिया के रूप में अतिरिक्त विकेटकीपर मौजूद हैं, जबकि स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के पास बल्लेबाजी का अपार अनुभव है।''
उन्होंने कहा, ''यह टीम अब किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है।''
उन्होंने उम्मीद जताई कि मंधाना और शेफाली की सलामी जोड़ी लय हासिल कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाएगी।
उन्होंने कहा, '' मंधाना और शेफाली टीम के लिए बेहद अहम होंगी। ये दोनों मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं। अगर दोनों अच्छी शुरुआत देती हैं और स्पिन आक्रमण प्रभावी रहता है तो भारत के लिए ट्रॉफी जीतने की संभावनाएं काफी बढ़ जाएंगी।''
भारतीय टीम पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और नीदरलैंड के साथ ग्रुप ए में है। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों की मौजूदगी के कारण भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना बड़ी चुनौती होगी।
रीमा ने इस ग्रुप से छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बजाय भारत और दक्षिण अफ्रीका के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा, ''भारत, दक्षिण अफ्रीका, गत चैंपियन न्यूजीलैंड और इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने के मजबूत दावेदार हैं।''
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को विशेष रूप से खतरनाक टीम बताते हुए कहा, ''वे हाल के वर्षों में बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल तक पहुंचे हैं। कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट और शबनीम इस्माइल शानदार लय में हैं तथा हरफनमौला खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम काफी संतुलित नजर आती है।''
भारत इस विश्व कप में 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगा।
भाषा आनन्द आनन्द सुधीर
सुधीर
1106 1014 दिल्ली