11 जून : ब्रिटेन की 'लौह महिला' ने रचा इतिहास
मनीषा
- 11 Jun 2026, 11:11 AM
- Updated: 11:11 AM
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) भारत के इतिहास में 11 जून की बात करें, तो इसी दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की इच्छा के अनुरूप उनकी अस्थियों (राख) को देश भर में बिखेरा गया था।
दुनिया के इतिहास में ब्रिटेन के लिए 11 जून के दिन का खास महत्व है। दरअसल वह 11 जून का ही दिन था, जब ब्रिटेन की 'लौह महिला' कही जाने वाली मारग्रेट थैचर ने तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला और देश के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली राजनेता बनीं।
11 जून 2023 को सर्बिया के नोवाक जोकोविच टेनिस के इतिहास में सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले पुरूष खिलाड़ी बन गए। उन्होंने फ्रेंच ओपन फाइनल में नार्वे के कैस्पर रूड को हराकर 22 बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन रफेल नडाल को पीछे छोड़ दिया। जोकोविच ने इस खिताब के साथ ही 23 बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन सेरेना विलियम्स की बराबरी भी कर ली जिन्होंने 2022 में टेनिस से विदा ले ली है।
11 जून 2025 को 'द बीच बॉयज' रॉक बैंड के सह-संस्थापक, 'गुड वाइब्रेशंस', 'कैलिफोर्निया गर्ल्स' एवं अन्य लोकप्रिय गानों के रचयिता और दुनिया के सबसे प्रभावशाली रिकॉर्डिंग कलाकारों में से एक माने जाने वाले अमेरिकी संगीतकार ब्रायन विल्सन का 82 साल की उम्र में निधन। कैलिफोर्निया का स्थानीय बैंड 'बीच बॉयज' 1960 के दशक में राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय हुआ था।
देश-दुनिया के इतिहास में 11 जून की तारीख पर दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है-
1770 : कैप्टन जेम्स कुक ने ऑस्ट्रेलिया के ग्रेट बैरियर रीफ की खोज की।
1776 : अमेरिका की स्वतंत्रता का घोषणा पत्र तैयार करने के लिए समिति बनाई गई।
1866 : इलाहाबाद उच्च न्यायालय की स्थापना हुई। इसे पहले आगरा उच्च न्यायालय के नाम से जाना जाता था।
1897 : भारत के प्रसिद्ध क्रांतिकारी पण्डित राम प्रसाद 'बिस्मिल' का जन्म हुआ।
1921 : ब्राजील में महिलाओं को चुनाव में मतदान का अधिकार मिला।
1935 : एडविन आर्मस्ट्रांग ने पहली बार एफएम का प्रसारण किया।
1940 : यूरोपीय देश इटली ने मित्र देशों के खिलाफ लड़ाई की घोषणा की।
1955 : पहले मैग्निशियम जेट हवाई जहाज ने उड़ान भरी।
1964 : जवाहरलाल नेहरू की इच्छा के मुताबिक उनकी अस्थियों को देश के विभिन्न हिस्सों में बिखेरा गया।
1987 : 160 वर्षों में पहली बार मारग्रेट थैचर लगातार तीसरी बार ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनीं।
1997 : लंबी दूरी के प्रसिद्ध भारतीय तैराक मिहिर सेन का निधन।
2001 : अमेरिका के ओकलाहोमा शहर में 1995 में एक संघीय इमारत पर बम फेंकने वाले टिमोथी मैग्वेग को मौत की सजा दी गई।
2010 : अफ्रीका ने 19वें फुटबाल विश्व कप टूर्नामेंट की मेजबानी की। यह पहला मौका था, जब अफ्रीकी महाद्वीप में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
2012 : उत्तरी अफगानिस्तान में दो मध्यम तीव्रता के भूकंप आए, जिससे एक बड़ा भूस्खलन हुआ। भूस्खलन ने सई हजारा शहर को दफना दिया, जिसमें 80 लोग फंस गए। चार दिनों तक खुदाई के बाद, केवल पाँच शव बरामद किए गए और खोज अभियान बंद कर दिया गया।
2019 : सीरियाई शासन और उसके सहयोगी रूस के हवाई हमलों में 25 नागरिकों की मौत।
2021 : पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में एक बस के पलटने से 23 लोगों की मौत ।
2023 : कैस्पर रूड को हराकर सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने जीता रिकॉर्ड 23वां ग्रैंडस्लैम, फ्रेंच ओपन चैम्पियन बने। इसी दिन, टीवी सीरियल 'जुनून' और 'बुनियाद' में अपने शानदार अभिनय से मशहूर हुए अभिनेता मंगल ढिल्लों का कैंसर से 64 साल की उम्र में निधन। अपने तीन दशक लंबे करियर में, ढिल्लों ने रमेश सिप्पी के टीवी धारावाहिक 'बुनियाद' (1986-87) में लभया राम और 1994 में आए 'जुनून' सीरियल में सुमेर रजवंश जैसे किरदारों से लोकप्रियता हासिल की। उन्होंने हिंदी और पंजाबी फिल्मों में भी अपने अभिनय का जौहर दिखाया।
2024 : मलावी के उपराष्ट्रपति सोलोस चिलिमा और नौ अन्य लोगों की एक विमान दुर्घटना में मौत । इसी दिन यमन तट के पास नौका डूबने से 49 लोगों की जान गई ।
2025 : 'द बीच बॉयज' रॉक बैंड के सह-संस्थापक, 'गुड वाइब्रेशंस', 'कैलिफोर्निया गर्ल्स' एवं अन्य लोकप्रिय गानों के रचयिता और दुनिया के सबसे प्रभावशाली रिकॉर्डिंग कलाकारों में से एक माने जाने वाले अमेरिकी संगीतकार ब्रायन विल्सन का 82 साल की उम्र में निधन।
भाषा
मनीषा
मनीषा
1106 1111 दिल्ली