सीजेपी परीक्षा अनियमितताओं पर देशव्यापी आंदोलन के बीच आज जारी करेगी शिक्षा घोषणापत्र
मनीषा
- 11 Jun 2026, 12:32 PM
- Updated: 12:32 PM
पुणे (महाराष्ट्र), 11 जून (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत के साथ ही आज अपना शिक्षा घोषणापत्र जारी करेगी। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
दीपके ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होंगे, जो शाम को सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय (एसपीपीयू) परिसर में शुरू होगा।
उन्होंने कहा, ''हम आज एसपीपीयू से अपने देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर रहे हैं। यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा और संविधान के दायरे में रहेगा। आज हम अपना शिक्षा घोषणापत्र भी जारी करेंगे।''
उन्होंने बताया, ''घोषणापत्र में प्रश्नपत्र लीक रोकने, परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने, भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने, परीक्षा प्राधिकरणों की जवाबदेही मजबूत करने तथा परीक्षाओं के आयोजन में देरी और अनियमितताओं से छात्रों को होने वाली समस्याओं के समाधान जैसे मुद्दों पर जोर दिया गया है।''
दीपके ने कहा कि पुणे से शुरू किए जा रहे इस राष्ट्रीय अभियान को वह जयपुर, लखनऊ, अमृतसर और बेंगलुरु समेत विभिन्न शहरों तक ले जाएंगे और 20 जून को नयी दिल्ली के जंतर मंतर पर एकत्रित होंगे।
उन्होंने दावा किया, ''जब तक हमें शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं मिलता, तब तक हम वापस नहीं लौटेंगे। एक करोड़ से अधिक छात्रों का भविष्य खतरे में डालने के लिए वही जिम्मेदार हैं।''
दीपके ने कहा कि वह सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन उनका आरोप है कि संवाद करने के बजाय सरकार सीजेपी के सोशल मीडिया खातों को निलंबित कर रही है।
उन्होंने कहा, ''सीजेपी देश के लिए एक बड़ा संदेश है। सरकार युवाओं की अनदेखी नहीं कर सकती। हमें फर्जी कहने के बजाय युवाओं की समस्याओं और मुद्दों को समझने की कोशिश कीजिए।''
हाल के सप्ताहों में यह समूह परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से चर्चा में आया है और खुद को शिक्षा क्षेत्र में सुधार की मांग करने वाले युवाओं के नेतृत्व वाले मंच के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।
इस संगठन ने छह जून को नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया था, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए छात्रों और युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा
1106 1232 पुणे