ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरून ने एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी
मनीषा
- 12 Jun 2026, 03:12 PM
- Updated: 03:12 PM
अहमदाबाद, 12 जून (भाषा) भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरून ने अहमदाबाद में पिछले साल 12 जून को हुए एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए लोगों को शुक्रवार को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं इस त्रासदी से प्रभावित सभी परिवारों के साथ हैं।
कैमरून ने कहा कि इस हादसे में मारे गए 260 लोगों में 52 ब्रिटिश नागरिक भी शामिल थे।
कैमरून शहर के मेघानीनगर इलाके में स्थित हादसास्थल पर पहुंचीं और एआई-171 विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की।
लंदन जा रही इस उड़ान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 260 लोगों की मौत हो गई थी। इन लोगों में 241 यात्री एवं चालक दल के सदस्य तथा जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे। विमान में सवार केवल एक यात्री जीवित बचा था। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस हादसे में मारे गए लोगों में शामिल थे।
विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे से उड़ान भरने के 32 सेकंड बाद बी. जे. मेडिकल कॉलेज के छात्रावास परिसर से टकरा गया था।
कैमरून ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''आज से एक वर्ष पहले एअर इंडिया के दुखद विमान हादसे में 260 लोगों की जान चली गई थी जिनमें 52 ब्रिटिश नागरिक भी शामिल थे।''
उन्होंने कहा, ''मैं उस दिन अहमदाबाद पहुंचकर हादसास्थल का दौरा करने की बात कभी नहीं भूलूंगी। मेरी संवेदनाएं इस त्रासदी से प्रभावित सभी परिवारों के साथ हैं। मैं अपनी टीम का आभार व्यक्त करती हूं, जिसने तुरंत आगे आकर इन परिवारों की मदद की और बेहद कठिन परिस्थितियों में लगातार उनका साथ देती रही। मैं आज उनमें से कुछ लोगों के साथ अहमदाबाद में फिर मौजूद हूं।''
इसके बाद कैमरून अहमदाबाद सिविल अस्पताल परिसर पहुंचीं जहां उन्होंने बी जे मेडिकल कॉलेज में मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। मृतकों में एमबीबीएस के चार छात्र भी शामिल थे जो विमान के छात्रावास परिसर पर गिरने के समय अपने छात्रावास में थे।
सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने कहा, ''बी जे मेडिकल कॉलेज में कनिष्ठ चिकित्सकों द्वारा आयोजित प्रार्थना सभा में दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने वाले गणमान्य व्यक्तियों में लिंडी कैमरून भी शामिल थीं।''
उन्होंने कहा कि सभा के बाद छात्रों, चिकित्सकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने 260 मृतकों की स्मृति में 260 पौधे लगाए। उन्होंने बताया कि कैमरून प्रार्थना सभा के बाद वहां से रवाना हो गईं।
बाद में कनिष्ठ चिकित्सकों ने मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा
1206 1512 अहमदाबाद