मोदी और मैक्रों 14 जून को फ्रांस में 'भारत इनोवेट्स 2026' का उद्घाटन करेंगे
माधव
- 12 Jun 2026, 09:07 PM
- Updated: 09:07 PM
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 14 जून को नीस में संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स 2026' का उद्घाटन करेंगे। शिक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नीस स्थित 'पैलेस डेस एक्सपोजिशन्स' में आयोजित किये जाने वाले इस कार्यक्रम में 120 भारतीय नवोन्मेषक, 15 उच्च शिक्षा संस्थान और 500 से अधिक निवेशक भाग लेंगे, जिनमें प्रमुख कॉरपोरेट और उद्यम पूंजी फर्म तथा कई मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल होंगे।
भारत सरकार द्वारा आयोजित, 'भारत इनोवेट्स 2026' केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की पहल है।
यह आयोजन एडवांस्ड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण जैसे 13 प्रमुख क्षेत्रों में विस्तारित होगा, जो भारत के बढ़ते नवाचार और 'डीप टेक' परिवेश को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के भी आयोजन में शामिल होने की संभावना है।
'भारत इनोवेट्स 2026' के लिए देश से 120 स्टार्टअप का चयन करने वाली तकनीकी निरीक्षण समिति के अध्यक्ष तथा भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद भी इसमें भाग लेंगे।
मंत्रालय ने कहा, ''भारत इनोवेट्स 2026 का नीस में पहली बार आयोजन, वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के समक्ष भारत के डीप टेक नवोन्मेषकों और स्टार्टअप को प्रदर्शित करेगा।''
'डीप टेक' (डीप प्रौद्योगिकी) का मतलब उन कंपनियों और नवाचार से है जो बुनियादी वैज्ञानिक खोजों और 'एडवांस्ड इंजीनियरिंग' पर आधारित हैं।
यह आयोजन भारत और वैश्विक हितधारकों के बीच नवाचार-आधारित साझेदारी बढ़ाने का प्रभावशाली मंच होगा। इस आयोजन के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और परिणाम की आशा है, जिनमें डीप टेक, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप विस्तार और सीमा पार निवेश सुविधा में सहयोग ढांचे सुदृढ़ बनाना शामिल है।
यह आयोजन भारतीय और फ्रांसीसी नवाचार पारिवेश के बीच संस्थागत साझेदारी के नये अवसर भी खोलेगा, जिसमें सह-विकास, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत इसका आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति ने संयुक्त रूप से फरवरी 2026 में मुंबई में किया था।
भाषा सुभाष माधव
माधव
1206 2107 दिल्ली