मालवीय नगर अग्निकांड, सैदुलाजाब इमारत हादसे में लोगों की जान बचाने वालों को सम्मानित किया गया
धीरज
- 12 Jun 2026, 10:17 PM
- Updated: 10:17 PM
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल में हुए मालवीय नगर अग्निकांड और सैदुलाजाब में इमारत ढहने की घटना में लोगों की जान बचाने वाले बचावकर्मियों और स्थानीय लोगों को शुक्रवार को सम्मानित किया।
पिछले हफ्ते मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने से 23 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि इससे पहले सैदुलाजाब में एक इमारत गिरने से छह लोगों की जान चली गई थी।
मुख्यमंत्री ने सचिवालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मालवीय नगर (हौजरानी) में हुए भीषण अग्निकांड और साकेत (सैदुलाजाब) में हुई इमारत ढहने की दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की रक्षा करने वाले साहसी नागरिकों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बचावकर्मियों को 21-21 हजार रुपये के चेक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री कार्यलाय द्वारा जारी बयान के मुताबिक इस दौरान गुप्ता ने मालवीय नगर के हौजरानी अग्निकांड के दौरान साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क पर गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी को विशेष रूप से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उनके मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए उनके द्वारा उपयोग किए गए गद्दों के मूल्य की प्रतिपूर्ति के साथ-साथ प्रोत्साहन स्वरूप 21,000 रुपये का चेक भी प्रदान किया। इस दौरान दोनों दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।
गुप्ता ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, घोषणा की कि दोनों घटनाओं में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दिल्ली सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त घायल व्यक्तियों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं सहायता राशि का वितरण शीघ्र, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा, "कुछ क्षण ऐसे होते हैं जो पूरे समाज की आत्मा को झकझोर देते हैं। मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत भवन दुर्घटना ऐसी ही हृदयविदारक घटनाएं थीं, जिन्होंने अनेक परिवारों को असहनीय और कभी न पूरी होने वाली पीड़ा दी है। हौजरानी की घटना में जहां एक पूरा परिवार काल के गाल में समा गया। वहीं इलाज के लिए भारत आए विदेशी नागरिकों के परिवारों को भी इस त्रासदी का सामना करना पड़ा। यह पीड़ा केवल प्रभावित परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश की है।"
गुप्ता ने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे स्थानीय लोगों और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि अगर संकट की उस घड़ी में त्वरित कार्रवाई न होती तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था।
इस अवसर पर साकेत भवन दुर्घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दक्षिण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला परियोजना अधिकारी चंदर प्रकाश, दिल्ली पुलिस के निरीक्षक रितेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल मनीष कुमार जांगिड़, कांस्टेबल विवेक शाक्य, कांस्टेबल अंगद मीणा, स्थानीय निवासी कपिल गिरी, हरजीत कुमार और डॉ. रफीक खान को सम्मानित किया गया।
बयान के मुबातिक इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री द्वारा मालवीय नगर अग्निकांड के दौरान बचाव कार्यों में योगदान देने वाले इसरार खान, कमल कुमार, शशि कुमार, पवन कुमार, राकेश कुमार, संजय गोयल, शिव कुमार, गोविंद, कुनाल, मोहम्मद उवैस, मोहम्मद अफजल, मोहम्मद अनीस, आमिर खान, वसीम राजा, मोहम्मद सोहैब खान, रियाजुद्दीन, निरीक्षक विनय यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश, हेड कांस्टेबल करतार, हेड कांस्टेबल राजवीर, हेड कांस्टेबल देशराज, वसीम खान गौरी और राजपाल को भी सम्मानित किया गया।
भाषा नोमान नोमान धीरज
धीरज
1206 2217 दिल्ली